पश्चिम बंगाल में भाजपा का बुरा हाल है। पार्टी के विभागों के प्रमुख तक परेशान और असमंजस के दौर में हैं। पार्टी की विधायक और प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अग्निमित्रा पॉल जैसी नेताओं को समझ में नहीं आ रहा है कि वे क्या करें और क्या न करें? एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पॉल का फोन आता है, तो वह उन्हें भी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं रहते। कहा जा रहा है कि सुवेंदु अधिकारी को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने से भी भाजपा कार्यकर्ता बहुत नाराज हैं। हर दिन गाली-गलौच भरे फोन आ रहे हैं। लोग पूछते हैं कि भाजपा के पास नेता नहीं है जो भाड़े (सुवेंदु अधिकारी) पर नेता लाकर पार्टी काम चला रही है?
पार्टी के पश्चिम बंगाल के एक विधायक ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष इस समय काफी अपसेट हैं। उन्हें तो जैसे पता ही नहीं है कि क्या हो रहा है? वह बताते हैं कि जिस दिन सुवेंदु अधिकारी दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मिल रहे थे, तो उन्होंने दिलीप घोष को फोन किया। दिलीप दा ने बताया कि उन्हें सुवेंदु अधिकारी के दिल्ली जाने और नेताओं से मिलने की कोई जानकारी नहीं है। विधायक का कहना है कि ऐसा साफ लग रहा है कि बंगाल में भविष्य की भाजपा सुवेंदु अधिकारी ही चलाएंगे। वह बताते हैं कि हम पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। छात्र जीवन से पार्टी और इसकी विचारधारा से जुड़े हैं और यह सब गले के नीचे नहीं उतर रहा है।