पश्चिम बंगाल में महिला डॉक्टर के साथ आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी के बाद से चिकित्सकों की सुरक्षा का मुद्दा देश में काफी गर्म है। इस कड़ी में सुप्रीम कोर्ट की तरफ से एक राष्ट्रीय कार्यबल का गठन किया है, जो कार्यस्थल पर चिकित्सकों की सुरक्षा और संरक्षा को लेकर अपनी रिपोर्ट देगा। इन सबके बीच केंद्र सरकार ने भी कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाएं हैं।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गुरुवार को कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक केंद्रीकृत प्लेटफॉर्म शी-बॉक्स पोर्टल लॉन्च किया। इसे यौन उत्पीड़न की शिकायतों और उनके प्रबंधन के लिए डिजाइन किया गया है। मंत्रालय के बयान के मुताबिक, लॉन्च कार्यक्रम में मंत्रालय की एक नई वेबसाइट की शुरुआत भी की गई। बता दें कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दरिंदगी के बाद से कार्यस्थल पर चिकित्सकों की सुरक्षा खासकर महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा देश में काफी गर्म है। इन सबके बीच केंद्र सरकार ने भी कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाए हैं।
विज्ञापन
सरकारी और निजी क्षेत्र में काम करेगा शी-बॉक्स पोर्टल
यह पोर्टल देश भर में आंतरिक समितियों और स्थानीय समितियों से जुड़ी सूचनाओं के लिए एक केंद्रीकृत भंडार के तौर पर काम करेगा। इसमें सरकारी और निजी दोनों क्षेत्र शामिल होंगे। यह पोर्टल महिलाओं को शिकायत दर्ज करने,उनकी स्थिति को ट्रैक करने और यह पक्का करने की मंजूरी देगा कि शिकायतों को वक्त पर निपटाया जाए। इसके लिए शिकायतों की वास्तविक समय की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसके जरिए महिलाओं की शिकायतों का सुव्यवस्थित और पक्के तौर पर निवारण हो पाएगा।
पोर्टल 2047 के महिला नेतृत्व वाले विकास का पक्षधर
मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा, यह पहल कार्यस्थल से जुड़ी यौन उत्पीड़न की शिकायतों के लिए एक अधिक कुशल और सुरक्षित मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह भारत भर में महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और अधिक समावेशी कार्य वातावरण बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाता है। शी-बॉक्स पोर्टल का शुभारंभ 2047 तक विकसित भारत सरकार के व्यापक दृष्टिकोण के मुताबिक है, जिसमें महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास पर जोर दिया गया है।