उन्होंने कहा, 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' का मकसद अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। इसका उद्देश्य व्यक्तिगत कहानियों, अनुभवों, नुक्कड़-नाटकों के जरिए केंद्र सरकार की योजनाओं और इसके लाभों के बारे में बताना है। यात्रा के दौरान लोगों को केंद्र सरकार की ओर से संचालित योजनाओं के लाभों के बारे में बताने के लिए क्विज का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया, जिन राज्यों में चुनाव आचार संहिता लागू है, वहां 'विकसित भारत संकल्प' यात्रा शुरू करने की कोई योजना नहीं है, चुनाव संपन्न होने के बाद इन राज्यों में यात्रा शुरू की जाएगी।
पांच दिसंबर तक चुनावी राज्यों में यात्रा शुरू न की जाए : चुनाव आयोग
इससे पहले केंद्रीय चुनाव आयोग ने बृहस्पतिवार को ही पांच चुनावी राज्यों में पांच दिसंबर तक विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू नहीं करने को कहा था। इस संदर्भ में आयोग ने कैबिनेट सचिव राजीव गाबा को पत्र लिखा था। साथ ही सरकार से चुनावी राज्यों और नगालैंड की तापी सीट पर जिला रथ प्रभारियों की नियुक्ति नहीं करने को कहा था। तापी सीट पर उपचुनाव होना है।