छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के अध्यक्ष और छग ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष विक्रम सिंह सिसोदिया को भारतीय ओलिंपिक संघ का नया संयुक्त सचिव बनाया गया है। नई दिल्ली में गुरुवार को हुए चुनाव में 2018-2022 के लिए नई कार्यकारिणी घोषित की गई।
अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए सिसोदिया को चीफ डी मिशन भी बनाया गया है। हर साल 8 से 10 ऑल इंडिया टूर्नामेंट के मुकाबले कराए जा रहे हैं।
वहीं इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के नए अध्यक्ष के रूप में अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और बतौर महासचिव राजीव मेहता की बृहस्पतिवार को ताजपोशी हो गई, लेकिन इससे पहले जमकर ड्रामा हुआ। चुनाव से पहले आम सहमति के नाम पर उम्मीदवारों की नाम वापसी करा दी गई और कार्यकारिणी चुनने के अधिकार अध्यक्ष और महासचिव को दे दिए गए।
यही नहीं चुनाव से पहले ही पदाधिकारियों की सूची तैयार कर सभी सदस्यों को दे दी गई, लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर ने साफ कर दिया कि नाम वापसी की तिथि निकल चुकी है जिसके चलते वोटिंग करानी पड़ेगी। इसके बाद वोटिंग कराई गई, जिसमें विजयी वही हुए जिनका नाम सूची में पहले से तय था।
2032 के ओलंपिक की मेजबानी के पक्षधर बत्रा
नरिंदर बत्रा ने साफ किया है कि वह 2032 के ओलंपिक, 2030 के एशियाई खेलों और 2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के पक्षधर हैं, लेकिन यह उनकी निजी राय है इस पर वह आम राय बनाएंगे।
वहीं राजीव मेहता ने खुलासा किया कि 2020 के एशियाई बीच खेलों की मेजबानी गोआ को मिलने जा रही है। बत्रा ने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि वह सरकार के साथ रिश्तों को सुधारें साथ ही सभी खेलों में पदक विजेताओं की संख्या में बढ़ोतरी उनकी कोशिश रहेगी। वह यह भी आश्वासन दिलाना चाहते हैं कि आईओए में किसी एक आदमी का राज नहीं होगा मिलजुलकर काम किया जाएगा।