अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि राजदूत कैथरीन ताई अमेरिका-भारत के बीच व्यापार संबंधों पर चर्चा करने के लिए दो दिवसीय दौरे पर भारत आई हैं। कैथरीन दो दिनों (22 और 23 नवंबर) के लिए नई दिल्ली में हैं। उनके साथ संयुक्त राज्य अमेरिका की उप व्यापार प्रतिनिधि सारा बियांची भी हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधों पर चर्चा की शुरुआत सोमवार को हुई। यह चर्चा आज यानी मंगलवार को भी जारी रहेगी।
कैथरीन ताई से मिले पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को राजधानी दिल्ली में अमेरिकी ट्रेड रिप्रजेंटेटिव (यूएसटीआर) राजदूत कैथरीन ताई से मुलाकात की। नई दिल्ली में संयुक्त राज्य व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) कैथरीन ताई का स्वागत करते हुए, गोयल ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में तेजी से सुधार हुआ है और बढ़ते आर्थिक संकेतक 'भारत के अगले एक दशक में विकास' की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका ने रक्षा सहयोग के कारण वर्षों में मजबूती हासिल की है और चतुर्भुज सुरक्षा वार्ता (क्वाड) ने इसे और बढ़ावा दिया है।
भारत और अमेरिका के बीच पार्टनरशिप पर चर्चा करते हुए गोयल ने कहा कि देश लॉकडाउन से जूझ रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह निर्देश दिया कि भारत अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धता में पीछे नहीं हटे। हमने इसी तर्ज पर काम भी किया। यही वजह है कि पूरी दुनिया भारत की तरफ उम्मीद के साथ एक विश्वासी मित्र के रूप में देख रहा है। कोरोना काल में भारत और अमेरिका ने इस बात को महसूस किया है कि संकटमय आपूर्ति श्रृंखला में विविधता होनी चाहिए। भारत और अमेरिका मिलकर अन्य सहयोगी देशों की मदद से आपूर्ति श्रृंखला की इस समस्या को दूर करने का काम करेंगे।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि राजदूत कैथरीन ताई ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच आपसी करार को लेकर तमाम संभावनाएं हैं। डिजिटल इकोनॉमी, सर्विस सेक्टर, हेल्थ रिलेटेड ट्रेड और एग्रीकल्चर में भारत और अमेरिका एक मजबूत पार्टनर बन सकते हैं।
कैथरीन ने कहा कि यूएसटीआर में हमें कुछ मुद्दों पर लगातार शिकायत मिलती है। जैसे गुड्स एंड सर्विस मूवमेंट, मार्केट एक्सेस पर रोक, हाई टैरिफ, रेग्युलेटरी प्रॉब्लम। ये तमाम मुद्दे हमारे रडार पर हैं और मैं इन मुद्दों को सुलझाने पर काम करूंगी।