West Bengal: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से एक हत्या के दोषी को तीन साल बाद गिरफ्तार किया गया है। दोषी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय का फर्जी आदेश तैयार कर अदालत से जमानत हासिल कर ली थी। इसके बाद फरार हो गया था।
पश्चिम बंगाल अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने हत्या के एक दोषी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। करीब तीन साल पहले वह कुछ फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रिहा हो गया था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
अधिकारी ने बताया, 'लालू शेख को साल 2015 के हत्या के एक मामले में दोषी ठहराया गया था। उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। लालू को मुर्शिदाबाद जिले के भरतपुर से गिरफ्तार किया गया।' उन्होंने बताया, 'कलकत्ता उच्च न्यायालय का दो मार्च, 2021 का एक फर्जी जमानत आदेश तैयार किया गया। इसके बाद शेख की ओर से पेश वकील ने उसी फर्जी दस्तावेज को जिले की कंडी अदालत में पेश किया।'
उन्होंने कहा, 'कंडी अदालत ने उस दस्तावेज को असली समझा और लालू को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। जब यह पता चला कि जमानत आदेश फर्जी है तो कंडी पुलिस थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने सीआईडी को मामले की जांच करने का निर्देश दिया था।'
विज्ञापन
अधिकारी ने बताया कि लालू शेख को फर्जी जमानत दिलाने में मदद करने वाले वकील को जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा, 'शेख काफी समय से फरार चल रहा था। सोमवार तड़के हमारे अधिकारियों की एक टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।'