अयोध्या दौरे पर पहुंचे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बड़ा एलान किया है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्लीवासियों को हम मुफ्त में रामलला के दर्शन कराएंगे। साथ ही केजरीवाल ने यह भी कहा हम दिल्ली के अंदर मुख्यमंत्री तीर्थ योजना चला रहे हैं जिसके तहत लोगों को मुफ्त तीर्थ यात्रा कराई जाती है। हम अयोध्या को भी मुख्यमंत्री तीर्थ योजना में शामिल करेंगे। अब दिल्ली के लोग रामजन्मभूमि के भी मुफ्त दर्शन करेंगे।
केजरीवाल ने दीपावली से पहले राम के दर्शन कर लिए हैं। जबकि दीपावली से पहले हर साल होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के भी अयोध्या पहुंचने की चर्चा है। मार्च 2017 में प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार आने के बाद से प्रदेश में हर साल यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। दीपोत्सव दिवाली से एक दिन पहले मनाया जाएगा।