केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत की ताजा टिप्पणी पर सोमवार को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संघ का हमेशा यही विचार रहा है, लेकिन पहले 'गुमराही गैंग' का दुष्प्रचार हावी था। संघ की सकारात्मक छवि बनती देख यह 'गैंग' बौखला गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भागवत के बयान से समाज में जहां कहीं भी भ्रम की स्थिति होगी, वहां स्पष्टता का रास्ता साफ होगा।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार भागवत के बयान पर नकवी ने कहा, 'संघ के जो विचार हैं और जो संघ की सोच है वह हमेशा से ऐसी ही रही है। उसकी सोच सद्भाव, भाईचारा और राष्ट्रवाद से भरपूर है। लेकिन पहले उनके विचार एक तरफ थे और उनके विरोधियों के दुष्प्रचार दूसरी तरफ थे। पहले उनके विचारों पर विरोधियों के दुष्प्रचार हावी होते रहे थे। इसकेा प्रमुख कारण यह था कि संघ के लोगों ने कभी प्रचार करने पर ध्यान नहीं दिया।'
उन्होंने कहा, 'पिछले कुछ वर्षों से संघ के कार्यक्रम सार्वजनिक रूप से होते हैं और लोग उनके विचारों और काम को देख और समझ पा रहे हैं।' नकवी ने कहा, 'पहले भी संघ के लोगों ने सेवा के माध्यम से समाज के तानेबाने को एकजुट करने के लिए बहुत काम किए हैं। लेकिन 'भारत बैशिंग ब्रिगेड' और 'गुमराही गैंग' ने न सिर्फ भारत में बल्कि दुनिया में संघ का हौव्वा खड़ा करके भाईचारे और सामाजिक तानेबाने को छिन्नभिन्न करने का षड्यंत्र किया।'
उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की ओर से आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधे जाने को लेकर पलटवार करते हुए कहा कि आरएसएस की सकारात्मक छवि से ये नेता बौखला गए हैं। नकवी ने इस बात पर जोर दिया, ‘‘आज जब संघ की छवि लोगों की नजर में सकारात्मक दिखाई दे रही है तो जो ‘नेगेटिव पिक्चर के पेंटर’ थे उनमें बौखलाहट का शोर ज्यादा दिखाई देता है।
उन्होंने आगे कहा, 'अब ये लोग बेनकाब हो गए हैं और बौखलाहट भरी बयानबाजी कर रहे हैं।' वहीं, मॉब लिंचिंग (भीड़ हिंसा) की घटनाओं पर नकवी ने कहा, दुर्भाग्यपूर्ण है कि किसी आपराधिक कृत्य को सांप्रदायिक घटना बनाने में भी ऐसे ही 'भारत बैशिंग ब्रिगेड' और 'गुमराही गैंग' ने भूमिका अदा की है। ऐसी घटनाओं को सांप्रदायिक तौर पर नहीं पेश किया जाए। ऐसी घटना पर कार्रवाई होनी चाहिए। यही बात मोहन भागवत ने कही है।
इसके साथ ही यह सवाल पूछे जाने पर कि क्या संघ प्रमुख मोहन भागवत के इस बयान से देश के मुस्लिम समुदाय में सकारात्मक संदेश जाएगा, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री नकवी ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि उन्होंने किसी समुदाय विशेष या किसी पार्टी को खुश करने के लिए यह बात की है। उन्होंने वही बात की है जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का हमेशा से विचार रहा है। इससे समाज के कुछ लोगों में जो भ्रम मौजूद था, उसमें स्पष्टता का रास्ता साफ होगा।'