केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि समग्र शिक्षा 2.0 के लिए केंद्र और राज्य सामूहिक रूप से तीन लाख करोड़ रुपये देंगे। भारतीय उद्योग परिसंघ के वार्षिक अधिवेशन में रोजगार सृजन एवं आंत्रप्रन्योर विषय पर प्रधान ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा और पोषण मामले में औपचारिक तंत्र विकसित करने के लिए शिक्षा और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय मिलकर काम करेंगे। ताकि अगले पांच साल में समग्र शिक्षा को लागू किया जा सके।
शिक्षामंत्री ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति को हर हाल में जमीनी स्तर पर लागू कराना चाहती है। सरकार तीन साल से ऊपर के सभी बच्चों को औपचारिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने के लिए काम कर चुकी है और उनकी अगले 20 साल की शिक्षा की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी तीन साल से 23 साल तक के करीब 15 करोड़ बच्चे और युवा इस व्यवस्था से बाहर हैं। देश में उपयोगी कार्यबल सुनिश्चित करने के लिए यह जरूरी है।