बिहार के नालंदा में रंगदारी और जबरन वसूली को लेकर हुई फायरिंग में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसके चलते पुलिस को तैनात कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मामूली विवाद में शनिवार को जमकर गोलीबारी हुई। घटना नालंदा के दीप नगर थाना से सटे सिपाह गांव की है, जहां दो गुटों में जमकर हंगामा और रोड़ेबाजी की घटना हुई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड गोलियां भी चलाई गईं। हालात को काबू करने लिए पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। इस गोलीबारी की घटना में दो लोग जख्मी हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सिपाह गांव के किसान सब्जी बेचने के लिए मंडी जा रहे थे, तभी बिहारशरीफ के गगन दीवान मुहल्ले के लोगों ने किसानों के साथ जमकर मारपीट की। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने दीप नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी, लेकिन सभी पुलिसकर्मियों को पंचायत चुनाव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर सुरक्षा पर लगाया गया था। घटना के बाद नालंदा एसपी कुमार आशीष ने घटनास्थल पर पहुंच लोगों को समझाने का प्रयास किया। वारदात के बाद किसान दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।