भारत में लोकतंत्र की जड़ें चौथी शताब्दी से : प्रधान
भारत में लोकतंत्र की जड़ें चौथी शताब्दी से ही खोजी जा सकती हैं। तंजावुर के पत्थर के शिलालेख उसी के जीते-जागते प्रमाण हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भारतीय ऐतिहासिक अनुसंधान परिषद (आईसीएचआर) के अध्यक्ष रघुवेंद्र तंवर और आईसीएचआर के सदस्य सचिव उमेश अशोक कदम के साथ इंडिया: द मदर ऑफ डेमोक्रेसी नामक पुस्तक का विमोचन करते हुए टिप्पणी की। कहा, भारत का सभ्यतागत लोकाचार पश्चिमी दुनिया के निर्धारित कथा के विपरीत लोकतंत्र के मूल स्रोतों में से एक है। कलिंग और लिच्छवी काल के दौरान मौजूद सामाजिक व्यवस्था के साक्ष्य भी भारत के लोकतांत्रिक डीएनए के बारे में बहुत कुछ बोलते हैं।
देश में हर महीने मिल रहीं 16 लाख नौकरियां : वैष्णव
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, भारत में हर महीने 15 से 16 लाख लोगों को नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के आंकड़ों के आधार पर यह बात कही। उन्होंने बताया, अप्रैल से अगस्त तक हर महीने औसतन 16 लाख तक नौकरियां लोगों को मिलीं। यह डाटा ईपीएफओ और सांख्यिकी मंत्रालय की वेबसाइटों पर उपलब्ध है। राजस्थान के अजमेर में सीआरपीएफ द्वारा आयोजित रोजगार मेले में रेल मंत्री वैष्णव ने बताया कि पिछले हफ्ते जारी आंकड़ों के अनुसार ईपीएफओ से सितंबर में भी 16.82 लाख सदस्य जुड़े। सितंबर 2021 के मुकाबले इस बार संख्या 9.14 प्रतिशत अधिक है।
ओडिशा के बोलांगीर में मुठभेड़ दो माओवादियों को मार गिराया
ओडिशा के बोलांगीर जिले के गंधमर्दन पहाड़ी इलाके में बृहस्पतिवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए। एलीट स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और बोलांगीर जिला स्वैच्छिक बल (डीवीएफ) के सुरक्षाकर्मियों को तलाशी अभियान के दौरान माओवादी शिविर देखा गया था। इसके बाद खापराखोल पुलिस थाने की सीमा के तहत जल महादेव मंदिर के पास जंगल में गोलाबारी शुरू हो गई। माओवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर फायरिंग की। आत्मरक्षा में सुरक्षा बलों ने गोलियां चलाईं, जिसमें दोनों मारे गए।
धार्मिक धागा नहीं पहन सकेंगे एअर इंडिया के केबिन क्रू
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया ने अपने चालक दल के पुरुष और महिला सदस्यों के ग्रूमिंग पर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत उन पर कलाई, गर्दन और टखने पर काला और किसी भी प्रकार का धार्मिक धागा पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उनके बाल भूरे नहीं होने चाहिए, उन्हें नियमित प्राकृतिक रंग में ही रंगना चाहिए। केबिन क्रू को रंगीन पत्थरों और मोतियों वाली धार्मिक अंगूठी, नोज-पिन और गले के आभूषण, अंगूठे की अंगूठी पहनने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, चालक दल को गंजा दिखने की अनुमति होगी।
भारत के विरोध पर कतर ने कहा- जाकिर को हमने नहीं बुलाया
भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाईक के कानून के ‘भगोड़े’ होने का मुद्दा कतर के अधिकारियों के सामने उठाया है। विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत नाईक को कानून का सामना कराने के लिए हर संभव प्रयास करेगा और उसके प्रत्यर्पण के प्रयासों को जारी रखेगा। कतर ने भारत से कहा है कि विश्व कप में जाकिर नाईक को कोई निमंत्रण नहीं दिया गया है। वह आम आदमी के रूप में कतर पहुंचा है। मार्च में गृह मंत्रालय ने नाईक की ओर से वित्त पोषित इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) पर पांच साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था।
चोरी के आरोप में फिल्म झुंड का अभिनेता गिरफ्तार
अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म ‘झुंड’ में प्रमुख भूमिका निभाने वाले प्रियांशु क्षत्रिय (18) को कथित चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। नागपुर शहर पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, क्षत्रिय को पहले भी ट्रेन यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। मनकापुर क्षेत्र में रहने वाले प्रदीप मंडावे (64) ने अपने घर से पांच लाख रुपये के आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
ब्रिटेन में महंगाई के खिलाफ लेक्चरर शिक्षक और डाक कर्मियों की हड़ताल
ब्रिटेन में हजारों डाक कर्मचारी, यूनिवर्सिटी लेक्चरर और स्कूली शिक्षक देश में महंगाई संकट के बीच बेहतर वेतन और काम की परिस्थितियों की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को हड़ताल पर जा रहे हैं। हाल के महीनों में ब्रिटेन में हवाई स्टाफ की हड़ताल के चलते कई यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी थी। अब डाक कर्मियों तथा स्कूल व कॉलेज के शिक्षकों की हड़ताल से देश में कई काम रुक जाएंगे। विश्वविद्यालयों के 70,000 शैक्षणिक कर्मियों की हड़ताल से करीब 25 लाख छात्र प्रभावित होंगे।
वॉरेन बफे ने गेट्स फाउंडेशन को छोड़ घर के संगठनों को दिया दान
अरबपति निवेशक वॉरेन बफे (92) ने अपने परिवार द्वारा चलाए जा रहे चार फाउंडेशनों को बर्कशायर हैथवे स्टॉक में 75 करोड़ डॉलर (61,26,11,62,500 रुपए) से अधिक का दान दिया है। हालांकि इस बार प्राप्तकर्ताओं में बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन शामिल नहीं रहा। वॉरेन बफे गेट्स फाउंडेशन समेत पांच चैरिटी के लिए वार्षिक दान करते रहे हैं।
फॉक्सकॉन ने चीन की फैक्टरी में वेतन विवाद पर माफी मांगी
बीजिंग। एपल के आईफोन बनाने वाली दुनिया की बड़ी कंपनी फॉक्सकॉन ने वेतन विवाद के लिए बृहस्पतिवार को माफी मांग ली। कंपनी की फैक्टरी में कर्मचारियों द्वारा किए गए कोरोना प्रतिबंधों के खिलाफ प्रदर्शन में एक कारण वेतन विवाद भी था। सोशल मीडिया पर आए वीडियो में मंगलवार को शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कर्मचारियों के बीच झड़प देखी गई। वहीं, फॉक्सकॉन ने नए कर्मचारियों को जोड़ने की प्रक्रिया में तकनीकी खामी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि उन्हें वही वेतन दिया जाएगा जिसका उनसे वादा किया गया था।
भारत-पनामा में द्विपक्षीय रिश्तों की मजबूती पर अहम बातचीत
पनामा सिटी। भारत और पनामा ने दूसरी विदेश कार्यालयीन परामर्श वार्ता आयोजित की। भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया कि पनामा सिटी में इस परामर्श वार्ता का भारतीय नेतृत्व सचिव सौरभ कुमार ने किया जबकि पनामा की अगुआई उप विदेश मंत्री व्लादिमीर ए. फ्रैंको सुसा ने की। दोनों पक्षों ने व्यापार-निवेश, फार्मास्यूटिकल्स, क्षमता निर्माण, अंतरिक्ष सहयोग और कांसुलर जैसे क्षेत्रों के साथ द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा की। सौरभ कुमार ने विदेश मंत्री जनैना तेवाने मेंकोमो से भी मुलाकात कर दोनों देशों के रिश्ते मजबूत करने पर जोर दिया।
ट्रंप पर दुष्कर्म के आरोप लगाने वाली लेखिका ने दर्ज कराया केस
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर 1990 में दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली लेखिका ई. जीन कैरोल ने बृहस्पतिवार को उनके खिलाफ नया मुकदमा दर्ज कराया है। राज्य में लागू हुए एक नए कानून के तहत यौन हिंसा पीड़ितों को दशकों पहले हुए अपराधों के खिलाफ भी मामला दायर कराने की अनुमति दी गई है। इस कानून के लागू होने के कुछ ही मिनट बाद कैरोल ने मुकदमा दायर किया। कैरोल ने उन्हें हुए दर्द और पीड़ा, मानसिक क्षति, गरिमा को पहुंची ठेस का केस दर्ज कराया।
मध्य रेलवे 14 विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा
मध्य रेलवे (सीआर) ने गुरुवार को कहा कि वह 6 दिसंबर को महापरिनिर्वाण दिवस के रूप में मनाए जाने वाले डॉ बी आर अंबेडकर की पुण्यतिथि के अवसर पर यात्रा करने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को दूर करने के लिए 14 अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाएगा। 14 विशेष ट्रेनों के बारे में एक सीआर प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, तीन ट्रेनें नागपुर से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (मुंबई), 6 सीएसएमटी मुंबई/दादर से सेवाग्राम/अजनी/नागपुर, 2 कलाबुरगी और सीएसएमटी के बीच, 2 सोलापुर और सीएसएमटी के बीच चलेंगी। इसके अलावा, रेलवे ने महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लाभ के लिए छह दिसंबर को प्रस्थान करने वाली ट्रेन संख्या 11401 सीएसएमटी-आदिलाबाद एक्सप्रेस में एक सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे के साथ वृद्धि करने का निर्णय लिया है।
केंद्र ने पीएमओ में भारतीय विदेश सेवा के तीन अधिकारियों की नियुक्ति की
भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के तीन अधिकारियों को गुरुवार को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में अलग-अलग पदों पर नियुक्त किया गया। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि 1998 बैच के आईएफएस अधिकारी दीपक मित्तल को पीएमओ में विशेष कर्तव्य अधिकारी (ओएसडी) के रूप में नियुक्त किया गया है। पीएमओ में विपिन कुमार और निधि तिवारी को क्रमश: उप सचिव और अवर सचिव नियुक्त किया गया है। विपिन कुमार 2013 बैच के आईएफएस अधिकारी हैं और तिवारी 2014 बैच के हैं।