केरल के कोझिकोड जिले में मंगलवार को एक 17 वर्षीय लड़की पर उसके पूर्व प्रेमी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में कथित हमले से कुछ सेकंड पहले आरोपी एक बाजार क्षेत्र के पास लड़की का पीछा करते हुए भी दिखा।
आरोपी अरशद पहले पीड़िता के साथ रिलेशनशिप में था। उनकी शादी कुछ महीने पहले तय हुई थी, लेकिन लड़की ने सगाई तोड़ने का फैसला किया। लड़की को चाकू मारे जाने के बाद अफसल नाम के एक व्यक्ति सहित स्थानीय दुकानदारों ने बीच-बचाव और लड़की को बचाने में कामयाब रहे।
पीड़िता के हाथ में चोटें आईं और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान अफसल को भी मामूली चोटें आईं। हमले के बाद अरशद को नादापुरम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और फिलहाल वह रिमांड पर है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की जांच कर रही है।
चालक पर हमला करने एवं टैक्सी लेकर फरार होने वाले छह के खिलाफ मामला दर्ज
इस बीच महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस कैब चालक पर हमला करने, उससे लूटपाट करने और वाहन लेकर फरार हो जाने के आरोप में छह लोगों की तलाश कर रही है। एप आधारित टैक्सी सेवा से जुड़े कैब चालक अब्दुल सैयद रेन (38) ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे बुधवार को बादलपुर से ठाणे जाने के लिए कैब बुकिंग का ऑर्डर मिला था, जिसके बाद कार में छह यात्री सवार हुए। जैसे ही वाहन उल्हास नदी के निकट एक सुनसान मार्ग पर पहुंचा, इन छह लोगों ने उस पर हमला कर दिया और वे उससे मोबाइल फोन एवं नकदी छीन कर और कार लेकर फरार हो गए। पुलिस ने कार सहित लूटपाट की कुल रकम 8.11लाख रुपये बताई है।
स्वच्छ भारत साझा जिम्मेदारी : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लोगों से एक अक्तूबर को सुबह 10 बजे राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत एक साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि एक अक्तूबर को सुबह 10 बजे हमें एक महत्वपूर्ण स्वच्छता पहल के लिए एक साथ आना है। स्वच्छ भारत एक साझा जिम्मेदारी है और हर प्रयास मायने रखता है। एक स्वच्छ भविष्य की शुरुआत करने के लिए इस महान प्रयास में शामिल हों।
कटक में कपड़े की दुकान में लगी आग
कटक के चौधरी बाजार में शुक्रवार सुबह एक कपड़े की दुकान में आग लग गई। अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि आग सबसे पहले तीन मंजिला इमारत के भूतल पर देखी गई, जो बाद में दो अन्य मंजिलों तक फैल गई। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है। आग की लपटों को बुझाने के लिए कम से कम सात दमकल गाड़ियों को काम पर लगाया गया।
बस दुर्घटना में ओडिशा के एक तीर्थयात्री की मौत, कई घायल
बिहार के कैमूर जिले में शुक्रवार सुबह एक पर्यटक बस के एक वाहन से टकरा जाने से एक तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान ओडिशा के सोनपुर जिले की रहने वाली पाली (45) के रूप में हुई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के उमेश चंद्र चौबे के अनुसार, पर्यटक बस में सभी यात्री ओडिशा के रहने वाले थे। यह घटना आज सुबह करीब 3:00 बजे हुई, जब बस में सवार तीर्थयात्री गया में पिंडदान करने के बाद वाराणसी जा रहे थे।
बंगलूरू के यातायात और सड़क सुरक्षा के एडीजीपी का स्थानांतरण
बंगलूरू के यातायात और सड़क सुरक्षा के एडीजीपी आलोक कुमार को एक अक्तूबर से स्थानांतरित कर दिया गया है। फिलहाल उनकी तैनाती अगले आदेश तक एडीजीपी प्रशिक्षण के तौर पर की गई है।
पूर्व विधायक और एलजेडी नेता एमके प्रेमनाथ का निधन
केरल के पूर्व विधायक और लोकतांत्रिक जनता दल (एलजेडी) के वरिष्ठ नेता एमके प्रेमनाथ का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। एक निजी अस्पताल में बीमारी के इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रेमनाथ ने 2006-11 तक केरल विधानसभा में वडकरा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमसीर ने पूर्व विधायक के निधन पर शोक जताया है। विधानसभा अध्यक्ष शमसीर ने प्रेमनाथ को एक लोकप्रिय नेता के रूप में याद किया, जो हमेशा सार्वजनिक मामलों में शामिल रहते थे। वह एलजेडी के राज्य उपाध्यक्ष थे। आपातकाल का विरोध करने पर उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।
लगातार 22 दिनों तक 14 भाषाओं में पढ़ी जाएगी 'मन की बात'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम से प्रभावित होकर तीर्थधाम-प्रेरणातीर्थ अहमदाबाद के पिराना गांव में एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसके तहत लगातार 22 दिनों तक 14 भाषाओं में मन की बात कार्यक्रम पढ़ा जाएगा।
तीर्थधाम-प्रेरणातीर्थ के ट्रस्टी हर्षद पटेल ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देश के हर वर्ग के लोगों से संवाद किया है। वह पीएम मोदी के कार्यक्रम से बहुत प्रभावित हैं और वे इसकी रिले रीडिंग का रिकॉर्ड बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने करहा, इससे पहले मन की बात कार्यक्रम की करीब 400 घंटे तक रिले रीडिंग हुई थी। तीर्थधाम-प्रेरणातीर्थ यह रिकॉर्ड तोड़ देगा और लगातार 22 दिनों तक 500 घंटे से ज्यादा रिले रीडिंग होगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की रिले रीडिंग 25 सितंबर से शुरू हो चुकी है और यह 16 अक्तूबर तक चलेगी। इसमें मशहूर बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर और विवेक ओबेरॉय समेत देशभर से लोग हिस्सा लेंगे। इसके अलावा कई भाजपा विधायक और सांसद समेत पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
केरल: कांग्रेस ने किया एसएचआरसी अध्यक्ष के रूप में हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस का विरोध
तिरुवनंतपुरम। विपक्षी कांग्रेस ने शुक्रवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से केरल हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एस मणिकुमार को राज्य मानवाधिकार आयोग (एसएचआरसी) के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त नहीं करने का आग्रह किया। खान को भेजे एक पत्र में, विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीसन ने उनसे पिनाराई विजयन सरकार के इससे जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी देने से परहेज करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि एसएचआरसी के अध्यक्ष के पद के लिए उच्चतम स्तर की ईमानदारी की आवश्यकता होती है। साथ ही वह सत्ता में सरकार के प्रति किसी भी पूर्वाग्रह से मुक्त होना चाहिए।
गुजरात : विहिप के जुलूस पर पथराव दो पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल
गुजरात के नर्मदा जिले में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के धार्मिक जुलूस पर उपद्रवियों के पथराव में दो पुलिस कर्मियों सहित कम से कम एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक प्रशांत सुंबे ने बताया कि सुबह सेलांबा गांव में एक मस्जिद के पास विहिप की शौर्य जागरण यात्रा पर पथराव किया गया। इसके बाद कुछ लोगों ने दो दुकानों में आग लगा दी। उन्होंने कहा, इस दौरान दो पुलिसकर्मियों सहित करीब 10 से 15 लोग घायल हो गए। आरोपियों की पहचान की जा रही है।
महाराष्ट्र सरकार अपना खुद का मौसम उपग्रह लॉन्च करने पर विचार कर रही है: मंत्री
महाराष्ट्र सरकार चक्रवातों, बादल फटने, भूस्खलन और इसी तरह की घटनाओं की पूर्व सूचना प्राप्त करने के लिए अपना स्वयं का मौसम उपग्रह लॉन्च करने पर विचार कर रही है। राहत और पुनर्वास मंत्री अनिल पाटिल ने ये जानकार दी। उन्होंने कहा कि हालांकि परियोजना केंद्र सरकार से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद ही शुरू हो सकती है। वह इस सप्ताह की शुरुआत में शहर में बाढ़ से हुए नुकसान की समीक्षा करने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।
ओडिशा में कई मामलों के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या
ओडिशा के गंजम जिले में कई मामलों के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि मृतक हिस्ट्रीशीटर आरोपी सुनील कुमार नाहक था। वह 30 से अधिक मामलों में आरोपी थी। उसपर तब हमला किया गया जब वह गुरुवार रात कोडाला थाना क्षेत्र के दानापुर में एक दावत में शामिल होने गया था
पुलिस ने कहा कि हत्या किस कारण से हुई, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है।
झारखंड : लातेहार में जेजेएमपी का एरिया कमांडर गिरफ्तार
माओवादी से अलग हुए समूह झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के स्वयंभू एरिया कमांडर रितेश सिंह को लातेहार जिले में शुक्रवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके घर से एक कार्बाइन और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छिपादोहर थाना क्षेत्र स्थित उसके घर छापामारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। वह लातेहार में एक हत्या, भालू के अवैध शिकार और जबरन वसूली के मामले में जेल की सजा काट चुका है।
मुंबई: जबरन वसूली मामले में सचिन वाजे को जमानत
मुंबई की एक विशेष सीबीआई अदालत ने एक होटल व्यवसायी की शिकायत पर दर्ज 2021 के जबरन वसूली मामले में पूर्व पुलिसकर्मी सचिन वाजे को शुक्रवार को जमानत दे दी।
मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के जमानत से इन्कार किए जाने के बाद वाजे ने इस साल अगस्त में विशेष अदालत का दरवाजा खटखटाया था। वाजे वर्तमान में एंटीलिया बम कांड और प्रवर्तन निदेशालय व केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा जांच किए जा रहे अन्य मामलों में न्यायिक हिरासत में हैं। उन्हें नवंबर, 2021 में जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार किया गया था।
गुजरात लोक सेवा आयोग के पूर्व प्रमुख दिनेश दासा बने यूपीएससी सदस्य
गुजरात लोक सेवा आयोग के पूर्व प्रमुख दिनेश दासा ने शुक्रवार को यूपीएससी सदस्य के रूप में शपथ ली। यूपीएससी के अध्यक्ष मनोज सोनी ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। दासा ने गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, गांधीनगर से वन कानूनों एवं सतत विकास में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। वे फरवरी, 2016 से जनवरी, 2022 तक गुजरात लोक सेवा आयोग (जीपीएससी) के अध्यक्ष रहे हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों का चयन करने के लिए सिविल सेवा परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) आयोजित करता है। इसमें अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं। दासा की नियुक्ति के बाद भी आयोग में अभी चार सदस्यों का पद रिक्त है।
घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर विंडफॉल टैक्स बढ़ा
केंद्र सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर विंडफॉल टैक्स यानी विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एसएईडी) 10,000 रुपये से बढ़ाकर 12,100 रुपये प्रति टन कर दिया है। सरकार ने डीजल के निर्यात पर एसएईडी को 5.50 रुपये से घटाकर 5.00 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। वहीं, विमानों के ईंधन एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) पर एसएईडी मौजूदा 3.50 रुपये से घटाकर 2.50 रुपये प्रति लीटर करने का फैसला किया है। सभी नई दरें शनिवार 30 सितंबर से लागू होंगी। देश में पहली बार 1 जुलाई, 2022 को विंडफॉल टैक्स लगाया गया था।