केरल के मंत्री बोले- सहकारी संशोधन बिल से राज्यपाल संतुष्ट
केरल सरकार ने शनिवार को कहा कि उसने हाल ही में राज्य विधानसभा द्वारा पारित केरल सहकारी समिति (संशोधन) विधेयक के नवीनतम संशोधनों के संबंध में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान द्वारा उठाए गए सवालों का विस्तार से जवाब दिया है।
राज्य के सहकारिता मंत्री वीएन वासवन ने दावा किया कि विधेयक को लेकर अनिश्चितताओं को अब स्पष्ट कर दिया गया है। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, राज्य विधानसभा ने इसे पारित कर दिया है और राज्यपाल द्वारा जल्द ही विधेयक मंजूरी दिए जाने की उम्मीद है।
मंत्री ने आगे कहा कि राज्य विधानसभा ने सहकारी क्षेत्र में व्यापक सुधार लाने के उद्देश्य से विधेयक पारित किया। केरल विधानसभा ने हाल ही में सहकारी क्षेत्र को प्रभावित करने वाले कई करोड़ के करुवन्नूर बैंक घोटाले के मद्देनजर जमा राशि की अधिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पिछले महीने विधेयक पारित किया।
राज्यपाल खान ने टीम ऑडिट और टर्म लिमिट सहित संशोधन के विभिन्न पहलुओं के संबंध में प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर सहकारिता विभाग से स्पष्टीकरण मांगा था।
पीएफआई मामला: एनआईए ने एक आरोपी के खिलाफ दायर किया पूरक आरोप-पत्र
उधर, पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से जुड़ी कथित गैरकानूनी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की जांच चल रही हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 27 अक्तूबर, 2023 को बिहार के पटना में एनआईए की विशेष अदालत में एक प्रमुख आरोपी अनवर राशिद के खिलाफ एक पूरक आरोप-पत्र दायर किया। एजेंसी ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से एक के खिलाफ आज आरोप पत्र दाखिल किया गया है।