मणिपुर में मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी 16 तक बढ़ी
मणिपुर सरकार ने राज्य में मोबाइल इंटरनेटर सेवाओं पर पाबंदी 16 अक्तूबर की शाम तक के लिए बढ़ा दी है। इस संदर्भ में बुधवार को जारी आदेश में कहा गया कि यह निर्णय राष्ट्र विरोधी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को विफल करने तथा शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने, जीवन के नुकसान को रोकने के लिए लिया गया है। पाबंदी की अवधि बुधवार को खत्म हो रही थी। राज्य में 3 मई से ही मोबाइल इंटरनेट पर रोक है। हालांकि 23 सितंबर को मोबाइल इंटरनेट को बहाल किया गया था लेकिन हिंसा को देखते हुए 26 सितंबर को फिर से लागू कर दिया गया था।
वायुसेना के हेलिकॉप्टर की असम में दो बार आपात लैंडिंग हुई
भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक हेलीकॉप्टर को बुधवार को असम के धुबरी जिले में और फिर कुछ देर बाद बारपेटा में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। एक रक्षा अधिकारी के अनुसार, कुछ कर्मियों को लेकर हेलिकॉप्टर कुछ काम के लिए धुबरी गया था। हेलिकॉप्टर में दो पायलट थे और वे दोनों ठीक हैं।