फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: दूसरी जाति के लड़के से संबंध पर बेटी की हत्या; प्रमाण पत्र के लिए रिश्वत लेने वाला डॉक्टर गिरफ्तार

Fri, 13 Oct 2023 10:23 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

बेटी की हत्या करने के बाद पिता ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) पुरूषोत्तम ने बताया कि अपने परिवार के बारे में गलत बातें सुनने के बाद पिता ने बेटी की हत्या करने का फैसला लिया था।
विज्ञापन
Today's Updates - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक के बंगलूरू में एक व्यक्ति ने अपनी 20 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति को उसकी बेटी के दूसरी जाति के लड़के के साथ संबंध में होने की जानकारी मिली थी। 

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार बिदालूरू गांव की कॉलेज की छात्रा कावना को उसके पिता ने लड़के के साथ संबंध खत्म करने की चेतावनी दी थी, लेकिन लड़की ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था। यही नहीं कावना की छोटी बहन भी किसी अन्य लड़के के साथ संबंध में है, यह जानने के बाद पिता ने कावना पर अपनी छोटी बहन को बिगाड़ने का आरोप भी लगाया था। इस दौरान दोनों के बीच बहस हुई और फिर पिता ने चाकू से अपनी बेटी का गला रेत दिया। 

बेटी की हत्या करने के बाद पिता ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) पुरूषोत्तम ने बताया कि अपने परिवार के बारे में गलत बातें सुनने के बाद पिता ने बेटी की हत्या करने का फैसला लिया था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि कावना दूसरे समुदाय के लड़के के साथ संबंध में थी। इस पर गांववाले लड़की के परिवार के बारे में गलत बातें करते थे। जिसे देखकर ऐसा लग रहा कि आरोपी को हत्या के लिए प्रेरित किया गया है।
विज्ञापन




प्रमाण पत्र बनाने के लिए रिश्वत लेने वाला डॉक्टर गिरफ्तार 
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने शुक्रवार को एक पोर्ट हेल्थ ऑर्गनाइजेशन के अधिकारी को स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाने के लिए  50,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजेंद्र नारायण पाणिग्रही के तौर पर की गई है, जिसे सीबीआई ने गुरुवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था।

आरोपी के परिसर में छापेमारी के दौरान एक करोड़ से अधिक की संपत्ति बरामद की गई है। भारतीय और विदेशी मुद्रा भी जब्त कर लिया गया है। केंद्र सरकार के अधीन कार्य करने वाली पीएचओ का मुख्य काम दूसरे देशों से आने वाले लोगों को कोविड क्लीयरेंस प्रमाण पत्र प्रदान कराना है। डॉ. राजेंद्र नारायण पर प्रमाणपत्रों को देने के लिए रिश्वत लेने का आरोप लगा है।

एमिनेंस शिपिंग एजेंसियों के कर्मचारियों से प्रमाण पत्र के बदले रिश्वत की मांग करने पर उन्होंने सीबीआई से संपर्क किया, जिसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा। छापेमारी के दौरान सीबीआई ने बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा, विदेशी मादक पेय और सिगरेट जब्त की है। 

सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में गोलीबारी, एक घायल
सियालदह राजधानी एक्सप्रेस के भीतर गुरुवार को एक व्यक्ति ने खुलेआम गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और ट्रेन से उतार दिया गया। पुलिस के अनुसार इस गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया। 

पुलिस ने कहा कि वह पहले जांच करेंगे कि गोली चलाने के दौरान व्यक्ति नशे में था या नहीं। फिलहाल आरोपी का खून परिक्षण के लिए भेजा गया है। सियालदह राजधानी एक्सप्रेस पर मौजूद एक वकील ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि इस घटना के बाद यात्री अभी भी डरे हुए हैं। 

इस साल जुलाई में भी पालघर के पास जयपुर मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस में गोलीबारी हुई थी। 31 जुलाई को रेलवे सुरक्षा बल के पूर्व कॉन्स्टेबल चेतनसिंह चौधरी ने अपने वरिष्ठ टीकाराम मीना समेत तीन अन्य यात्रियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया था।

पुणे में नाबालिगों का पीछा करने पर दो व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज 
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने केटरर के दो कर्मचारियों को दो नाबालिग लड़कियों का पीछा करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। यह घटना 10 अक्तूबर को कल्याण के एक हाउसिंग सोसाइटी के क्लबहाउस में जन्मदिन की पार्टी के दौरान घटी। 

दोनों आरोपियों की पहचान सुफियान खान और विक्की केसरी के तौर पर की गई है, जिसे पार्टी में खाना परोसने के लिए केटरर ने नियुक्त किया था। पीड़ित लड़कियों की उम्र 14 वर्ष बताई जा रही है। दोनों नाबालिग रात के साढ़े आठ बजे क्लबहाउस में कैरम खेलने गई थी। वापस आने के दौरान आरोपियों में से एक ने लड़की को एक चिट चिट। 

इस घटना के बाद दोनों नाबालिग अपने घरवालों के पास गई और उन्हें इसके बारे में बताया। मानपाड़ा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। 

कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश इकाई में उपाध्यक्ष और महासचिवों की नियुक्ति की
कांग्रेस ने शुक्रवार को अपनी आंध्र प्रदेश इकाई में 29 उपाध्यक्ष और 64 महासचिव नियुक्त किये हैं। कांग्रेस ने यह कदम जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए उठाया है। पार्टी द्वारा जारी बयान में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी में राज्य पदाधिकारियों और विभिन्न जिला और शहर कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों की नियुक्ति के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है।

नए उपाध्यक्षों में श्रीपति प्रकाशम, एन सूर्य नायक, बी सत्यवती, मीसाला सुब्बान्ना, कोरिवी विनय कुमार, धनेकुला मुरली, वी गुरुनाथम, के प्रभाकर, के रमादेवी और कोटा सत्यनारायण शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस द्वारा नियुक्त नए महासचिवों में श्रीराम मूर्ति रूथुला (संगठन), बुरिडी डेविड, अंबाती कृष्णा, पायडी नागा भूषण, डोला श्रीनिवास, वाजयपति श्रीनिवास राव, अकुला वेंकट रमना, ऐथाबाथुला सुभाषिनी, बोडा वेंकट और अमरजहा बेग शामिल हैं।

बंगाल में नागरिक स्वयंसेवकों और आशा कार्यकर्ताओं को मिलेगा दुर्गा पूजा बोनस   
पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के जवानों और स्वास्थ्य विभाग के तहत कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं को दुर्गा पूजा बोनस दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की है। सीएम ममता ने बताया कि इन लोगों के लिए 5,300 रुपये की दर से बोनस को मंजूरी दी है। 

इस्राइल से लौटने वालों को हरसंभव मदद मुहैया करा रही सरकार : ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य के उन लोगों को सहायता प्रदान कर रही है जो युद्धग्रस्त इस्राइल से घर लौट रहे हैं।
सीएम ने कहा कि उन्होंने इस संदर्भ में मुख्य सचिव एचके द्विवेदी और दिल्ली रेजीडेंट कमिश्नर उज्जैनी दत्ता को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लौटने वालों के रहने और परिवहन की सभी लागत उनकी सरकार वहन करेगी।

 7 साल पुराने अपहरण मामले को अपने हाथ में ले सीबीआई : गौहाटी हाईकोर्ट
 गौहाटी हाईकोर्ट ने असम के दिमा हसाओ जिले में एक कांग्रेस नेता के भाई के अपहरण के सात साल पुराने मामले को अपने हाथ में लेने का आदेश सीबीआई को दिया है।
जस्टिस सुमन श्याम ने बृहस्पतिवार को पारित एक आदेश में राज्य सरकार और पुलिस से मामले की जांच सीबीआई को सौंपने को कहा। जस्टिस ने संसाधनों की कमी के चलते मामले को हाथ में लेने से इन्कार करने के जांच एजेंसी के तर्क को खारिज कर दिया। कोर्ट ने यह आदेश जिबोन केम्पराई की पत्नी जैसोदी थाओसेन के दायर एक रिट याचिका पर पारित किया गया। जिबोन केम्पराई को 27 जनवरी, 2016 को दिमा हसाओ जिले के दियुंकमुख से अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया था।

फलस्तीनियों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए हैदराबाद में प्रदर्शन
इस्राइल-हमास संघर्ष के बीच युवाओं के एक समूह ने शुक्रवार को हैदराबाद में फलस्तीनियों के अधिकारों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकानियों ने बैनर लिए हुए थे जिन पर लिखा था ‘फलस्तीन के साथ एकजुटता’। उन्होंने ‘गाजा कभी खत्म नहीं होगा’ , ‘फलस्तीन जिंदाबाद’ और ‘फलस्तीन को आजाद करो’ जैसे नारे भी लगाए। इस विरोध प्रदर्शन का आह्वान नौजवान भारत सभा और दिशा छात्र संगठन ने किया था। नौजवान भारत सभा के एक प्रतिनिधि ने कहा, हम यहां फलस्तीन के समर्थन में और इस्राइल के गाजा पर बमबारी के विरोध में आए हैं, लेकिन पुलिस हमें विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दे रही है। बाद में, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया और उन्हें एहतियाती हिरासत में ले लिया।

ट्रेन ड्राइवरों को 12 घंटे से अधिक काम नहीं करना चाहिए : रेलवे बोर्ड
रेलवे बोर्ड ने कहा कि गंभीर परिचालन आवश्यकताओं को छोड़कर ट्रेन ड्राइवरों को 12 घंटे से अधिक काम नहीं करना चाहिए। बोर्ड ने बृहस्पतिवार को ड्राइवरों और गार्डों सहित रनिंग स्टाफ के ड्यूटी घंटों के संबंध में सभी जोनों को दिशानिर्देश जारी किए।

नए निर्देशों का मकसद परिचालन सुरक्षा बढ़ाने के लिए रनिंग स्टाफ के काम और आराम के घंटों का ध्यान रखने के लिए जोनों को याद दिलाना है। हालांकि ड्राइवरों के संघ इंडियन रेलवे लोको रनिंगमैन ऑर्गनाइजेशन (आईआरएलआरओ) ने आरोप लगाया है कि इन निर्देशों में शर्तें हैं, जो उनके उचित आराम के अधिकार को छीन लेती हैं और काम के दौरान लंच ब्रेक का कोई प्रावधान नहीं है। बोर्ड के एक निर्देश में कहा गया है कि एक सफर में ड्राइवर के अधिकतम काम की अवधि 12 घंटे से अधिक नहीं होनी चाहिए। हालांकि, एक अन्य निर्देश में उन्हें परिचालन संबंधी आपात स्थितियों के मामले में सीमा से परे काम करने के लिए कहा गया है।

 कैग ने अधिकारियों के तबादले में गड़बड़ी के आरोपों को खारिज किया
कैग ने शुक्रवार को केंद्र की प्रमुख भारतमाला और आयुष्मान भारत योजनाओं में कथित अनियमितताओं का खुलासा करने वाली रिपोर्टों से जुड़े लेखा परीक्षकों के स्थानांतरण में किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है। भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (सीएजी) ने कहा कि स्थानांतरण और पोस्टिंग प्रशासनिक सुविधा का मामला है। इसमें कोई गड़बड़ी नहीं है। सीएजी ने कहा कि संसद में पेश करने के लिए सर्वोच्च प्राधिकारी द्वारा अनुमोदित होने से पहले ऑडिट रिपोर्ट कई हाथों से गुजरती है।

यह बयान तब आया जब कांग्रेस ने कथित तौर पर द्वारका एक्सप्रेसवे परियोजना की जांच करने वाली ऑडिट रिपोर्ट के प्रभारी ऑडिटर अटूरवा सिन्हा और दत्तप्रसाद सुरकायंत शिरसा और आयुष्मान भारत योजना के ऑडिट की शुरुआत करने वाले अशोक सिन्हा को स्थानांतरित करने के लिए सरकार की आलोचना की।

 न्यायिक अधिकारी को मणिपुर हाईकोर्ट में बनाया गया न्यायाधीश
एक न्यायिक अधिकारी की मणिपुर हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति की गई है जबकि दो वकीलों को मद्रास हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश बनाया गया है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी दी।

न्यायिक अधिकारी गोलमेई गाइफुलशिलु काबुई को मणिपुर हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया है। वकील एन सेंथिलकुमार और जी अरुल मुरुगन को मद्रास हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। अतिरिक्त न्यायाधीशों को आमतौर पर दो साल की अवधि के लिए नियुक्त किया जाता है। इसके बाद इन्हें न्यायाधीश बनाया जाता है।


मुंबई: फूड पॉइजनिंग के कारण अस्पताल में कराए गए 16 छात्र
मुंबई के गोवंडी इलाके में स्थित एक सरकारी स्कूल के 16 छात्रों को संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण बीमार पड़ने के बाद शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि ये छात्र बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनिक गांव स्कूल के हैं।

अधिकारी ने कहा, 'नौ लड़कों और सात लड़कियों को नगर निगम द्वारा संचालित शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। अधिकारियों को संदेह है कि ये छात्र मिड-डे मील योजना के तहत स्कूल में परोसी गई खाद्य सामग्री खाने के बाद बीमार पड़ गए।'

केरल: ईडी ने धनशोधन मामले में 57 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की 
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि केरल के करुवन्नूर सेवा सहकारी बैंक से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के तहत तीन दक्षिणी राज्यों में स्थित कुल 117 अचल संपत्तियां, 92 बैंकों में जमा राशि और 57 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के वाहन कुर्क किए गए हैं।

ईडी ने धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत संपत्तियों को कुर्क करने के लिए एक अस्थायी आदेश जारी किया। इन संपत्तियों का कुल मूल्य 57.75 करोड़ रुपये है। कुर्क की गई संपत्तियों में केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भूमि और भवनों सहित 117 अचल संपत्तियां शामिल हैं। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि धन शोधन के अपराध में सक्रिय रूप से शामिल पाए गए व्यक्तियों के 92 बैंक खातों में 11 वाहन, सावधि जमा और क्रेडिट बैलेंस सहित चल संपत्तियां कुर्क की गईं।

भारत समेत कई देशों में ठप रहा एक्स, यूजर्स ने की शिकायत
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स शुक्रवार को भारत समेत कई देशों में आंशिक रूप से ठप हो गया। माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट के कई उपयोगकर्ताओं को टिप्पणी साझा करने में दिक्कत हुई। वेबसाइट पर निगरानी रखने वाली डाउनडिटेक्टर के अनुसार, भारत में शाम 7:31 बजे तक 566 लोगों ने शिकायतें की थीं।

आईएनएएस 316 ने दो साल से कम समय में पूरी की 5,000 घंटे की उड़ान
भारतीय नौसेना वायु स्क्वाड्रन (आईएनएएस) 316 ने दो साल से भी कम समय में 5,000 घंटे से अधिक की उड़ान पूरी की। नौसेना ने शुक्रवार को बताया कि पिछले साल 29 मार्च को गोवा में आईएनएस हंसा पर चार एलआर पनडुब्बी रोधी वारफेयर (एएसडब्ल्यू) पी-8आई विमानों के साथ आईएनएएस 316 की शुरुआत हुई थी। नौसेना ने एक्स पर लिखा कि स्क्वाड्रन (कोंडोर्स) का आदर्श वाक्य है ग्लोरी थ्रू वेलोर। 

कृषि उत्पादों के व्यापार के लिए आगे आएं किसान : धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं, वो हंसते हैं तो पूरा देश हंसता है। उन्होंने कहा, अपनी और अपने देश की खुशहाली के लिए उन्हें कृषि उत्पादों के व्यापार के आगे आना चाहिए। उपराष्ट्रपति 8 अक्टूबर को जब चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय में कृषि विकास मेले के उद्घाटन के लिए हिसार पहुंचे तो उन्होंने हरियाणा के किसानों को नया संसद भवन देखने के लिए आमंत्रित किया था। अपने इसी वादे के मुताबिक उन्होंने शुक्रवार को हरियाणा के किसानों को संसद भवन में सम्मानित किया और उनके साथ दोपहर का भोजन भी किया। 

लावा के एमडी सहित चार की हिरासत तीन दिन बढ़ी
दिल्ली की एक अदालत ने चीनी स्मार्टफोन निर्माता वीवो के खिलाफ धन शोधन मामले में गिरफ्तार लावा इंटरनेशनल मोबाइल कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) और एक चीनी नागरिक समेत चार लोगों की हिरासत तीन दिनों के लिए बढ़ा दी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश देवेंद्र कुमार जंगला ने आरोपियों को प्रवर्तन निदेशालय की तीन दिन की हिरासत में भेज दिया। ईडी ने आरोपियों की 10 दिनों की हिरासत की मांग की थी। चारों आरोपी लावा इंटरनेशनल कंपनी के एमडी हरिओम राय, चीनी नागरिक गुआंगवेन उर्फ एंड्रयू कुआंग एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) नितिन गर्ग और राजन मलिक को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया था।

मुंबई में बीएमसी के स्कूल में मिड-डे मील खाने से 16 छात्र पड़े बीमार 
मुंबई के अनिक गांव में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) द्वारा संचालित स्कूल के 16 छात्र बीमार पड़ गए। चेंबूर के जन शताब्दी अस्पताल के डीन सुनील फाकले ने कहा, मध्याह्न भोजन के बाद उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद 16 छात्रों को अस्पताल लाया गया। सभी को बाल चिकित्सा वार्ड में भर्ती कराया गया है। बच्चों की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि फिलहाल बच्चों को निगरानी के लिए बाल चिकित्सा वार्ड में रखा गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें