दमन के एक होटल में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई है। पिता पुत्र गुजरात के निवासी हैं और घूमने के लिए दमन आए थे। यहां होटल में ठहरने के दौरान करंट की चपेट में आ गए और दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि नडियाड निवासी श्रीकांत वाघेला (35 वर्षीय) और उनके बेटे शीनोन (6 वर्षीय) की शनिवार को एक होटल के बाथरूम में करंट लगने से मौत हो गई। जांच के बाद होटल को सील कर दिया गया है। घटना शाम करीब चार बजे की है। जहां श्रीकांत अपनी पत्नी और बच्चे के साथ होटल के कमरा नंबर 301 में ठहरे हुए थे। बाथरूम में पिता-पुत्र करंट की चपेट में आ गए। शोर सुनकर लोग पहुंचे और बिजली की आपूर्ति बंद की गई लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने आईपीसी की धारा 285 औऱ 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं घटना के बाद जिला मजिस्ट्रेट सौरभ मिश्रा ने आदेश जारी कर सात दिनों के भीतर दमन के सभी होटलों और गेस्ट हाउस में इलेक्ट्रिक सेफ्टी ऑडिट करने का आदेश दिया है।
गणपति मूर्ति विसर्जन के दौरान एक की मौत, दो लापता
चंद्रपुर के एक गांव में गणपति की मूर्ति को विसर्जित करने के लिए गोसीखुर्द की नहर में उतरे एक समूह के कुछ लोग बह गए। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो अन्य के डूबने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात जिला मुख्यालय से करीब 59 किलोमीटर दूर साओली तहसील में हुई।
सहायक निरीक्षक आशीष बोरकर ने कहा कि मूर्ति विसर्जित करने के लिए कई लोग नहर में उतरे। इस दौरान पांच लोग डूबने लगे। एक सचिन मोहुर्ले का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो अन्य लोग लापता हैं। उनकी पहचान निकेश गुंडावर और उनके भाई संदीप गुंडावर के रूप में हुई है। जिला आपदा प्रबंधन सेल के कर्मी तलाशी अभियान चला रहे हैं।
केरल में पेरियार नदी में कार गिरने से दो चिकित्सकों की मौत
केरल में कोच्चि के निकट गोथुरुथ में पेरियार नदी में एक कार के गिर जाने से शनिवार देर रात कार सवार दो चिकित्सकों की मौत हो गई। अद्वैत (29) और अजमल (29) जिले के एक निजी अस्पताल में पदस्थ थे। शनिवार देर रात साढ़े बारह बजे हुई दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि चिकित्सकों के साथ यात्रा कर रहे तीन अन्य लोग दुर्घटना में घायल हो गए और उनका पास के अस्पताल में उपचार किया गया।
पड़ोसी ने परिवार के चार सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला किया
कोच्चि के निकट कोलेनचेरी में हॉर्न बजाने की कथित घटना को लेकर रविवार को एक परिवार के चार सदस्यों पर उनके पड़ोसी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुथेनक्रूज के रहने वाले अनूप को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, पीटर, उनकी पत्नी साली, उनकी बेटी रोशनी और दामाद तुलसी पर दोपहर में कथित तौर पर अनूप ने हमला किया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, विवाद कार के हॉर्न बजाने को लेकर हुआ था।
भाजपा के सुधांशु फिर सर्वश्रेष्ठ प्रवक्ता
भाजपा के डॉ. सुधांशु त्रिवेदी लगातार दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ प्रवक्ता चुने गए हैं। शीर्ष 10 में भाजपा के पांच, कांग्रेस के तीन व आप के दो प्रवक्ता शामिल हैं। रविवार को आयोजित समारोह में ई4एम पार्टी स्पोक्सपर्सन 50 के दूसरे संस्करण में इन प्रवक्ताओं का चयन किया गया। यह प्लेटफॉर्म देश में शीर्ष राजनीतिक दलों के प्रवक्ताओं को रैंकिंग देता है। शीर्ष 10 प्रवक्ताओं में दूसरे नंबर पर डॉ. संबित पात्रा, तीसरे नंबर पर गौरव भाटिया, नौवें नंबर सैयद जफर इस्लाम और 10वें नंबर पर शाजिया इल्मी रहीं। वहीं, कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी चौथे, पवन खेड़ा पांचवें व सुप्रिया श्रीनेत सातवें नंबर रहीं, जबकि आप के राघव चड्ढा छठे और संजय सिंह आठवें स्थान पर रहे।
नकली कफ सिरप की फैक्टरी का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार
मेघालय में रविवार को नकली कफ सिरप बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ होने के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि इसे तस्करी कर बांग्लादेश भेजा जा रहा था। एसपी जगपाल धनोआ ने बताया कि पुलिस ने पूर्वी जैंतिया हिल्स जिले के खलीहरियाट में एक गोदाम पर छापा मारा, जहां से कफ सिरप की 9,883 बोतलें जब्त की गईं और एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया। उससे फक्टरी का पता चला।