आतंक पर नकेल कसने की लगातार कार्रवाई कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने महाराष्ट्र में बड़ी कार्रवाई की है। एनआईए ने पुणे आईएसआईएस आतंकी मॉड्यूल मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया। आरोपी आतंक और हिंसा से संबंधित अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के इरादे से आतंकवादी संगठन के लिए धन इकट्ठा करने और जुटाने में शामिल थे।
मुंबई में एनआईए की विशेष अदालत में मामला
एनआईए ने पुणे आईएसआईएस टेरर मॉड्यूल केस में सातों आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मुंबई में एनआईए की विशेष अदालत के समक्ष आरोपियों पर आरोप पत्र दायर किया गया है। मुकदमे का पंजीकरण आरसी-05/2023/एनआईए/एमयूएम नंबर से किया गया है।
मध्य प्रदेश में भी 17 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र, हिज्ब-उत-तहरीर से जुड़ा मामला
राष्ट्रीय जांच एजेंसी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, मध्य प्रदेश के एक मामले में 17 लोगों के खिलाफ व्यापक आरोप पत्र दायर किया गया है। मामला शुरू में भोपाल की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ)/ आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने दर्ज किया था। एनआईए की जांच से पता चला कि हिज्ब-उत-तहरीर (एचयूटी) के सदस्य मध्य प्रदेश में गुप्त रूप से भर्ती कर रहे थे और अपने कैडर बना रहे थे। एनआईए ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
मणिपुर में मोबाइल इंटरनेट प्रतिबंध 8 नवंबर तक बढ़ाया गया
मणिपुर सरकार ने राज्य में मोबाइल इंटरनेट प्रतिबंध को आठ नवंबर तक बढ़ा दिया है। यह कदम ऐसे वक्त उठाया गया, जब भीड़ ने बुधवार को एक मणिपुर राइफल्स के शिविर पर उसके शस्त्रागार को लूटने के लिए हमला कर दिया था, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों को हवा में कई राउंड गोलियां चलानी पड़ीं। प्रतिबंध को इस आशंका के बाद बढ़ाया गया था कि असामाजिक तत्व जनता की भावनाओं को भड़काने वाली छवियों, नफरत भरे भाषणों और नफरत भरे वीडियो संदेशों के प्रसारण के लिए बड़े पैमाने पर सोशल मीडिया का उपयोग कर सकते हैं, जिससे राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर असर पड़ सकता है।
सेना की विशेष टुकड़ी ने क्षमता की जांच की
भारतीय सेना की स्पीयर कोर की विशेष टुकड़ियों ने त्वरित प्रतिक्रिया क्षमताओं (Rapid Response Capabilities) को परखने के लिए अभ्यास किया। सैनिकों ने हवाई प्लेटफार्मों का उपयोग करके गाइडेड प्रिसिजन एरियल डिलीवरी सिस्टम की मदद से कॉम्बैट फ्री फ़ॉल और रसद की डिलीवरी का अभ्यास किया। भारतीय सेना के स्पीयर कोर की तरफ से अभ्यास की वीडियो भी जारी की गई। अभ्यास किस लोकेशन पर किया गया, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
गुजरात FDCA की बड़ी कार्रवाई, मिलावटी घी और मिठाइयां जब्त
गुजरात राज्य खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (एफडीसीए) ने बनासकांठा जिले में दो विनिर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। 9.29 लाख रुपये मूल्य के 567 लीटर मिलावटी घी (स्पष्ट मक्खन) और 3,849 किलोग्राम मिठाइयां जब्त की गईं। रिपोर्ट के अनुसार, दीसा शहर में एक खाद्य उत्पाद कंपनी के परिसर से 2.49 लाख रुपये का मिलावटी घी जब्त किया गया, वहीं पालनपुर में एक डेयरी उत्पाद इकाई के परिसर से मिलावटी 'मावे' (गाढ़ा दूध) से बनी 6.80 लाख रुपये की मिठाइयां बरामद की गईं। आधिकारिक बयान में एफडीसीए आयुक्त, एचजी कोशिया ने कहा, "क्षेत्र में अधिकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए, खाद्य उत्पाद इकाई के मालिक ने परिसर से 500 मीटर दूर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे।"