हमले में एक अन्य महिला कर्मी घायल हुई है। पुलिस ने पूर्व प्रबंधक अनिल दुबे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी फरार है। आरोपी अनिल दुबे फिलहाल एक्सिस बैंक की नायगांव शाखा का प्रबंधक है।
अपना कर्ज उतारने के लिए आईसीआईसीआई बैंक के एक पूर्व प्रबंधक ने अपनी ही पूर्व शाखा में डाका डाला। महाराष्ट्र के पालघर जिले की विरार स्थित शाखा की महिला सहायक प्रबंधक ने इसका विरोध किया तो उस पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक अनिल दुबे बृहस्पतिवार रात 8 से 9 बजे के बीच अपने एक साथी के साथ बैंक में घुसा। शाखा बंद होने का समय था इसलिए बैंक में दो महिला कर्मी ही मौजूद थीं और शटर बंद कर अंदर काम निपटा रही थीं।
दोनों आरोपियों ने सहायक प्रबंधक योगिता वर्तक और कैशियर श्रद्धा देवरुखकर को चाकू की नोक पर धमकाया और जेवर व नकदी उनके हवाले करने को कहा। जब दोनों भागने की कोशिश करने लगे तो महिला कर्मियों ने शोर मचाकर लुटेरों को रोकने की कोशिश की।
विज्ञापन
जवाब में आरोपियों ने दोनों पर चाकू से हमला बोल दिया। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने आरोपियों का पीछा किया और अनिल दुबे को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
योगिता वर्तक बैंक के अंदर खून से लथपथ मिली, जबकि उसकी साथी बुरी तरह घायल थीं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां योगिता को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि श्रद्धा का इलाज चल रहा है।
एक्सिस बैंक से बर्खास्त हुआ दुबे
बैंक में लूटपाट और महिला अधिकारी की हत्या का आरोपी अनिल दुबे फिलहाल नायगांव में एक्सिस बैंक का प्रबंधक है। लेकिन, इस घटना के बाद एक्सिस बैंक ने दुबे को बर्खास्त कर आंतरिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।