प्रसार भारती के पूर्व सीईओ जवाहर सरकार
- फोटो : सोशल मीडिया
पश्चिम बंगाल से बड़ी खबर सामने आ रही है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने प्रसार भारती के पूर्व सीईओ जवाहर सरकार को राज्यसभा के लिए नामित किया है। बता दें, जवाहर सरकार पूर्व आईएएस रह चुके हैं। पूर्व टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी के भाजपा में शामिल होने के बाद राज्यसभा में एक सीट खाली हो गई थी। ऐसे में टीएमसी ने प्रसार भारती के पूर्व सीईओ को इस पद के लिए नामित करने का फैसला लिया।
चार दशक प्रशासनिक सेवा से जुड़े रहे जवाहर सरकार
टीएमसी ने जवाहर सरकार को अपना प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिये दी। पार्टी ने अपने ट्वीट में कहा, 'जवाहर सरकार का 42 साल का अनुभव और योगदान देश की सेवा करने में हमारी मदद करेगा।' उल्लेखनीय कि जवाहर सरकार 1975 में आईएएस बनने के बाद चार दशक प्रशासनिक सेवा से जुड़े रहे। वह 2012 से 2016 तक प्रसार भारती के सीईओ भी रहे। जवाहर को बर्धमान और 24 परगना जिलों में सांप्रदायिक दंगों से निपटने के लिए भी जाना जाता है।
यशवंत सिन्हा भी हो सकते हैं टीएमसी के प्रत्याशी
टीएमसी की ओर से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद जवाहर सरकार की जीत तय मानी जा रही है क्योंकि पार्टी ने इस साल संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। सूत्रों के अनुसार तृणमूल कांग्रेस यशवंत सिन्हा को भी राज्यसभा भेजने की तैयारी कर रही है। भाजपा सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे यशवंत सिन्हा मार्च में टीएमसी में शामिल हुए थे।
टीएमसी संसदीय दल की अध्यक्ष बनीं ममता बनर्जी
तृणमूल कांग्रेस में एक और बड़ा बदलाव हुआ है। दरअसल, पार्टी के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने जानकारी दी कि अब टीएमसी संसदीय दल की अध्यक्ष का पदभार ममता बनर्जी संभालेंगी। हालांकि, वह इस समय लोकसभा या राज्यसभा किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं।