मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार ने निर्वाचन आयोग को सूचित कर दिया है कि राज्य, सात विधानसभा सीटों पर उप चुनाव कराने के लिए तैयार है क्योंकि इन क्षेत्रों में कोविड-19 की स्थिति नियंत्रण में है। बनर्जी ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने यह जानना चाहा था कि क्या बंगाल दो रिक्त राज्यसभा की सीटों पर चुनाव कराने के लिए तैयार है, जिसके जवाब में मुख्य सचिव ने आश्वासन दिया था कि राज्य, कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने के लिए भी तैयार है।
बनर्जी ने कहा, 'बंगाल में कोविड-19 संक्रमण दर घटकर 1.5 फीसदी रह गई है यह स्थिति उपचुनाव कराने के लिए अनुकूल है क्योंकि ज्यादातर निर्वाचन क्षेत्रों में संक्रमण का नया मामला सामने नहीं आया है।' भजपा ने कहा था कि बनर्जी उपचुनाव के लिए आतुर हैं क्योंकि उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए विधानसभा के लिए चुने जाने की जरूरत है। भाजपा के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बनप्जी ने कहा कि भाजपा उपचुनाव की मांग का समर्थन इसलिए नहीं कर रही है क्योंकि उसे पता है कि वह एक भी सीट नहीं जीत पाएगी।
माना जा रहा है कि बनर्जी भवानीपुर सीट से नामांकन दाखिल करेंगी। चुनाव के नतीजे आने के कुछ समय बाद ही तृणमूल से जीते शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने भवानीपुर सीट छोड़ दी थी। चट्टोपाध्याय अब खारदह सीट से चुनाव लड़ेंगे जो तृणमूल की काजल सिन्हा का निधन होने के बाद खाली हो गई थी। राज्य के कोटे से राज्यसभा की दो सीटें खाली हैं क्योंकि इस साल फरवरी में दिनेश त्रिवेदी ने उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और मानस भुइयां, मार्च अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में विधायक चुन लिए गए थे।