फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Bengal: 'कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के हेलीकॉप्टर पर आईटी का छापा', TMC का दावा; भाजपा पर साजिश का आरोप

Sun, 14 Apr 2024 06:34 PM IST
शिव शरण शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
विज्ञापन
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी (फाइल) - फोटो : ANI
विज्ञापन

देश में बढ़ी चुनावी सरगर्मी के बीच टीएमसी ने बड़ा आरोप लगाया है। टीएमसी ने दावा किया है कि पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी के हेलीकॉप्टर पर कोलकाता के बेहाला फ्लाइंग क्लब में आयकर अधिकारियों ने छापा मारा है। भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए टीएमसी ने कहा कि आयकर विभाग की यह कार्रवाई विपक्षी उम्मीदवारों को परेशान करने और डराने-धमकाने की भाजपा की साजिश का हिस्सा है। 

विज्ञापन


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर पार्टी ने ये दावा किया। इसमें कहा गया कि पूर्व मेदिनीपुर में जब अभिषेक बनर्जी की हल्दिया यात्रा के लिए बेहाला फ्लाइंग क्लब में हेलिकॉप्टर को जांचा जा रहा था, उसी वक्त आयकर विभाग के अधिकारियों की एक टीम पहुंची और बड़े पैमाने पर उसकी तलाशी ली।

टीएमसी ने यह भी दावा किया, 'जब आयकर अधिकारियों को कुछ नहीं मिला तो मोदी के लोगों की निराश टीम ने हेलीकॉप्टर को उड़ने नहीं दिया। जब अभिषेक बनर्जी के सुरक्षा कर्मियों ने इसका कारण पूछा, तो वे (आईटी अधिकारी) विवाद करने लगे और हिरासत में लेने की धमकी दी। उन्होंने हेलिकॉप्टर के हर कोने हर बैग को खोला और उसकी जांच की।  
विज्ञापन


अभिषेक बनर्जी ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि एनआईए के डीजी और एसपी को हटाने के बजाय चुनाव आयोग और भाजपा ने आईटी के गुर्गों को मेरे खिलाफ तैनात किया है। उन्होंने आज मेरे हेलिकॉप्टर और सुरक्षा कर्मियों की जांच की और जब कुछ नहीं मिला तो उन्होंने हेलीकॉप्टर को उड़ान नहीं भरने दी। 

अभिषेक बनर्जी ने यह भी कहा कि ये कार्रवाई इस बात का सबूत हैं कि जब बंगाल की बात आती है तो बीजेपी कांपने लगती है। वे सत्ता में आने के लिए विपक्ष का सफाया करना चाहते हैं। लेकिन हम दिल्ली में बैठे आकाओं के निर्देश पर केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की गई इन डराने वाली रणनीति के कारण एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान जब उन्होंने यह दावा किया कि छापेमारी के दौरान जब उनके सुरक्षाकर्मियों ने वीडियोग्राफी करनी चाही तो आईटी अधिकारियों ने उन्हें जबरदस्ती हटा दिया।

 इस पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि आईटी की छापेमारी चुनाव प्रचार में काले धन के खात्मे के अभियान का हिस्सा थी। उन्होंने कहा कि छापेमारी पर टीएमसी का आक्रोश दिखाता है कि पार्टी के नेता अपनी गलत कमाई को लेकर कितना आशंकित हैं। बशीरहाट में प्रचार कर रहे सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि छापेमारी के दौरान अभिषेक बनर्जी को आईटी टीम का सहयोग करना चाहिए था ना कि हंगामा खड़ा करना चाहिए। सुवेंदु ने कहा कि वह देश के कानून से ऊपर नहीं हैं।

 पश्चिम बंगाल में हेलीकॉप्टर की कोई तलाशी नहीं की गई- आयकर विभाग
इस बीच, आयकर विभाग के सूत्रों ने दावा किया कि तलाशी जैसी कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। यह एक सर्वे था और उस वक्त टीएमसी नेता हेलीकॉप्टर में मौजूद भी नहीं थे। उन्होंने बताया कि आयकर विभाग की एक टीम को पश्चिम बंगाल के मालदा से बेहाला फ्लाइंग क्लब में एक हेलीकॉप्टर के आगमन की जानकारी इकट्ठा करने के लिए भेजा गया था। अधिकारियों ने बताया कि रविवार यानी आज दोपहर करीब 1 बजे  एयर ट्रैफिक कंट्रोल से हेलीकॉप्टर के आने की जानकारी मिली। इसके बाद जरूरी जानकारी इकट्ठी की गई। उस दौरान हेलीकॉप्टर में केवल दो सुरक्षाकर्मी मौजूद थे।   

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें