पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इस महीने होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए अपने चार उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। टीएमसी ने अपने कोटे की चार सीटों पर पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी, मालदा की पूर्व सांसद मौसम नूर, अर्पिता घोष और सुब्रत बख्शी को उम्मीदवार बनाया है।
मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार को ट्वीट कर प्रत्याशियों के नाम का एलान किया। नूर 2019 का लोकसभा चुनाव मालदा उत्तर से हार गई थीं। जबकि घोष बेलूरघाट से चुनाव लड़ी थीं, लेकिन उन्हें भी सफलता नहीं मिली थी। पूर्व रेल मंत्री त्रिवेदी बैरकरपुर से चुनाव से हार गए थे। 2014 में लोकसभा चुनाव जीतने वाले बख्शी पिछला चुनाव नहीं लड़े थे। 26 मार्च को पश्चिम बंगाल की पांच राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने हैं।