सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता करुणा नंदी, कारोबारी गौतम अदाणी और प्रख्यात कश्मीरी मानवाधिकार कार्यकर्ता खुर्रम परवेज को टाइम पत्रिका की 2022 के दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया गया है। यह सूची छह श्रेणियों में विभाजित की गई है। ये श्रेणियां आइकंस, पायनियर्स, टाइटंस, आर्टिस्ट्स, लीडर्स और इनोवेटर्स हैं।
अडाणी को टाइटंस श्रेणी में एपल के सीईओ टिम कुक और अमेरिकी होस्ट ओपरा विन्फ्रे जैसी शख्सियतों के साथ जगह दी गई है। वहीं, नंदी और परवेज को लीडर्स श्रेणी में स्थान मिला है। इस श्रेणी में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके यूक्रेनी समकक्ष वोलोदिमिर जेलेंस्की भी शामिल किए गए हैं। दोनों देशों के बीच लंबे समय से युद्ध चल रहा है।
महिला अधिकारों की चैंपियन हैं अधिवक्ता करुणा नंदी
करुणा नंदी को लेकर टाइम पत्रिका ने कहा कि वह न केवल एक वकील हैं बल्कि सार्वजनिक कार्यकर्ता भी हैं जो काबिलियत और बहादुरी के साथ बदलाव लाने के लिए अपनी आवाज अदालत के अंदर और बाहर, दोनों जगह उठाती हैं। पत्रिका ने उन्हें 'महिला अधिकारों की चैंपियन' बताया है जिन्होंने दुष्कर्म विरोधी कानूनों में सुधार लाने के लिए वकालत की है।
दुनिया के पांचवें सबसे अमीर शख्स की दौड़ में अदाणी
टाइम के अनुसार, अदाणी समूह अब दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में एक राष्ट्रीय स्तर की दिग्गज कंपनी बन चुकी है। अदाणी लोगों की नजरों से दूर रहे हैं लेकिन उन्होंने अपना कारोबार बहुत बड़े स्तर पर पहुंचाया है। दुनिया के पांचवें सबसे अमीर शख्स के तमगे के लिए गौतम अदाणी की दौड़ निवेश दिग्गज वारेन बफेट के साथ है।
पिछले साल नवंबर में गिरफ्तार किए गए थे खुर्रम परवेज
एशियन फेडरेशन अगेंस्ट इनवालंटरी डिसएपियरेंस के अध्यक्ष खुर्रम परवेज को पिछले साल नवंबर में गिरफ्तार किया गया था। टाइम के लिए लिखने वाली पत्रकार राणा अय्यूब ने परवेज को लेकर लिखा है कि कश्मीर क्षेत्र में होने वाले मानवाधिकारों के उल्लंघनों के खिलाफ उनकी आवाज पूरी दुनिया में गूंज रही थी। ऐसे में उनको चुप कराना जरूरी था।
किस श्रेणी में किसे मिली जगह... पढ़िए पूरी सूची
टाइटंस: गौतम अदाणी, टिम कुक, ओपरा विन्फ्रे, क्रिस्टील लेगार्ड, मिशेल येओह, क्रिस जेनर, एंडी जैसी, सैली रूनी, ह्वांग डोंग-ह्युक, सैम बैंकमैन-फ्राइड, एलिजाबेथ अलेक्जेंडर, डेविड जास्लाव और मेगन रैपिनो, बेकी सॉरब्रन व एलेक्स मोर्गन।
लीडर्स: करुणा नंदी, खुर्रम परवेज, मिया मोटली, वोलोदिमिर जेलेंस्की, केतंजी ब्राउन जैक्सन, जो रोगन, शी जिनपिंग, उर्सुला वॉन डेर लेयेन, रॉन डिसैंटिस, जो बाइडन, यून सुक-येओल, व्लादिमीर पुतिन, ओलाफ स्कोल्ज, सामिया सुलुहु हसन, केविन मैक्कार्थी, अबीय अहमद, किर्स्टेन सिनेमा, गैब्रिएल बोरिक,वैलेरी जलुझ्नी, लिन फिच, उमर अता बांदियाल और सुन चुनलान।
इनोवेटर: जेंडाया, ताइका वाइटिटी, मिरांडा लैंबर्ट, डेरिक पाल्मर व क्रिस स्माल्स, जोश वार्डल, मिशेन जॉनर, डेम्ना, टिमनिट गेब्रू, माइक कैनन-ब्रूक्स, बेला बजारिया, सेवगिल मुसाइएवा, फ्रांसिस कीर, डेविड वेलेज, माइकल शात्ज, केरेन मीगा, इवान आइशलर और एडम फिलिपी।
आर्टिस्ट्स: सिमू लियू, एंड्रयू गारफील्ड, जो क्रेवित्ज, सारा जेसिका पार्कर, अमांडा सेफ्राइड, क्विंटा ब्रंसन, पीट डेविडसन, चैनिंग टैटम, नेथन चेन, मिला कुनिस, जेरेमी स्ट्रांग, फेथ रिंगगोल्ड, आरियाना डिबोस, जैस्मिन सलिवान और माइकल आर जैक्सन।
आइकंस: मैरी जे ब्लिज, दिमित्री मुराटोव, ईसा रे, कीनू रीव्स, अडेल, राफाल नडाल, माया लिन, जॉन बटिस्टा, नेडाइन स्मिथ, पेंग शुआई, होडा खमोश,
पायनियर्स: कैंडेस पार्कर, फ्रांसिस हॉगन, अहमीर 'क्वेस्टलव' थॉम्पसन, सोनिया गुजाजरा, स्टेफनी बैंसेल, एमिली ओस्टर, वैलेरी मैसन-डेल्मोट व पानमाओ झाई, आईलीन गू, टुलियो डि ओलिविएरा व सिखुलिली मोयो, नान गोल्डिन, मेजेन डार्विश व अनवर लाल बुन्नी, एमेट शेलिंग, क्रिस्टीना विलारियल वेलास्क्वेज व अना क्रिस्टीना गोंजालेज वेलेज और ग्रेगरी एल रॉबिंसन।