कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में अपनी देवरानी मेनका गांधी के गांधी परिवार में आने और बाद में रिश्तों में आई खटास का विस्तार से जिक्र किया है। सोनिया गांधी के लिए शुरुआत में मेनका गांधी का घर में आना सुखद और ताजगी भरा अनुभव था, हालांकि बाद में गांधी परिवार के साथ मेनका गांधी के संबंध बिगड़ गए और तब तक संजय गांधी की विधवा मेनका ने परिवार का घर छोड़ दिया था। सोनिया गांधी ने लिखा कि 1973 के आखिर में मेनका गांधी का परिचय संजय गांधी से कराया गया था। उन्होंने मेनका को एक खूबसूरत, चंचल और ऊर्जावान युवती बताया, जो संजय गांधी से करीब 10 साल छोटी थीं और उस समय नाबालिग थीं।
उन्होंने लिखा कि एक साल के भीतर दोनों की शादी हो गई और 18 साल की उम्र में मेनका गांधी, गांधी परिवार का हिस्सा बन गईं। सोनिया गांधी के अनुसार मेनका हंसमुख, मिलनसार और बातचीत करने वाली युवती थी। उन्होंने लिखा, "शुरुआत में देवरानी का साथ अच्छा लगता था। अक्सर मेनका की हंसी घर में गूंजती थी और उनकी बेटी प्रियंका गांधी भी अपनी चाची के कमरे में बैठकर उसकी कहानियां बड़े ध्यान से सुना करती थी। सोनिया गांधी के मुताबिक धीरे-धीरे घर का माहौल बदलने लगा और छोटी-छोटी बातों पर तनाव पैदा होने लगा।
घर के कर्मचारी सोनिया गांधी को 'बहुरानी' कहकर बुलाते थे। सोनिया का मानना था कि वह और मेनका घर की बराबर की बेटियां हैं। दोनों के बीच रहने और अपनी जगह बनाने के लिए पर्याप्त जगह थी। लेकिन मेनका शायद इसे अपने अपमान के रूप में देखती थीं। सोनिया लिखती हैं, 'लेकिन शायद उन्होंने इसे अपनी बेइज्जती समझा। जब वह मुझसे रूखे तरीके से बात करती थीं, तो घर में शांति बनाए रखने के लिए मैं आमतौर पर चुप रहती थी। लेकिन जब मुझे लगता था कि बात हद से आगे बढ़ गई है, तो मैं भी चुप नहीं रहती थी। मैं भी उन्हें छोटा और सख्त जवाब देती थी'।
सोनिया गांधी ने खोले राज: बताया दो बार किया कैंसर का सामना; बताया सर्जरी के लिए क्यों गई इटली?
'संजय शर्मिंदा होते थे और हम सभी हैरान रह जाते थे'
सोनिया लिखती हैं, शादी के कुछ ही समय बाद संजय और मेनका के बीच मतभेद परिवार के दूसरे लोगों को भी दिखने लगे। दोनों के बीच बहस तेज होने लगी। उनकी आवाजें भी ऊंची होने लगीं। सोनिया लिखती हैं, 'जब वह नाराज होती थीं, तो गाली-गलौज करने लगती थीं। यहां तक कि मेरी सास के सामने भी वह ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती थीं, जिन्हें घर में बोलना मना था। इससे संजय शर्मिंदा होते थे और हम सभी हैरान रह जाते थे'।
वह आगे लिखती हैं, एक मिल-जुलकर रहने वाले परिवार में रहना किसी ऐसी युवा लड़की के लिए आसान नहीं हो सकता था, जिसका स्वभाव मिलनसार और लोगों से घुलने-मिलने वाला हो। सोनिया आगे लिखती हैं, लंबे समय तक जब भी हम वहां जाते थे, तो कुछ देर रुकते थे और उस जगह पर एक फूल रख देते थे। इससे हमारा दर्द कम नहीं हुआ, लेकिन हमें इस सच्चाई को स्वीकार करना पड़ा।
राजनीति में आने के बाद क्या बदला?
किताब के मुताबिक, जब मेनका संजय के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों और सभाओं में जाने लगीं, तो वह परिवार में कुछ हद तक घुल-मिल गईं। सोनिया गांधी लिखती हैं कि मेनका का संजय पर प्रभाव बढ़ने लगा था। इसका असर संजय और राजीव के रिश्ते पर भी पड़ने लगा। कुछ महीने पहले तक दोनों भाई एक-दूसरे के बेहद करीब थे। लेकिन अब उनके रिश्ते खराब होने लगे थे।
आपातकाल के साथ संजय गांधी का नाम जुड़ चुका था। इसके बाद वह इंटरव्यू में अपनी राय रखने लगे। वह सरकारी कामकाज की धीमी रफ्तार पर सवाल उठाते थे। वह नौकरशाही यानी सरकारी अधिकारियों के काम करने के धीमे तरीके की आलोचना करते थे। उनके कुछ विचार ऐसे भी थे, जिन्हें प्रधानमंत्री की आलोचना के रूप में देखा जा सकता था।
संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को कांग्रेस के कुछ गुटों का समर्थन मिलने लगा। लेकिन उनकी मां इंदिरा गांधी को इनमें से कुछ बातें पसंद नहीं थीं। सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा को लगता था कि मेनका संजय को समझाने के बजाय उनकी गतिविधियों को और बढ़ावा दे रही थीं।
इंदिरा गांधी ने मेनका के बारे में क्या कहा था?
सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने अपने कैबिनेट सचिव पीएन धर से अपनी छोटी बहू के बारे में कहा था- 'उनके अभी से पर निकलने लगे हैं'।
'आपातकाल के फैसलों में था संजय गांधी का दखल': सोनिया ने बताया- मेनका से शादी के बाद भाइयों में आ गई थी दूरी
1978 के चुनाव के बाद क्यों बढ़ी कड़वाहट?
राजीव गांधी को लगता था कि 1978 के चुनाव में कांग्रेस की खराब स्थिति के लिए संजय गांधी भी काफी हद तक जिम्मेदार थे। इसके बाद मेनका की परिवार के प्रति नाराजगी और बढ़ गई।
किताब में लिखा है, उन्हें लगता था कि इस बुरे नतीजे के लिए संजय काफी हद तक जिम्मेदार थे। उनकी जिद, जल्दबाजी, बिना अच्छी तरह सोचे-समझे योजनाओं को लागू करने की जल्दी और अच्छी सलाह को न मानना इसकी बड़ी वजह थी। कई मामलों में उन्होंने अपनी मां को बताए बिना ही काम किए थे।
सोनिया गांधी एक पारिवारिक बातचीत का जिक्र करती हैं। वह लिखती हैं कि इस बातचीत में राजीव ने गुस्से में संजय से कहा था- मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता, संजय। तुमने मां को इस हालत में पहुंचा दिया है।
सोनिया आगे लिखती हैं, मेरी सास परेशान और गुस्से में थीं। उन्होंने राजीव की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'राजीव ने जो कहा, वह सही है, संजय! तुमने कितनी बार मुझे बताए बिना आदेश दिए हैं'। इसके बाद मेनका ने बातचीत में दखल दिया। इंदिरा गांधी ने अपनी आवाज ऊंची करते हुए मेनका को इस बात से इनकार करने की चुनौती दी। मेनका जल्दी ही पीछे हट गईं। लेकिन परिवार के प्रति उनकी नाराजगी और बढ़ गई।
मेनका के तानों और आरोपों से परेशान था परिवार?
सोनिया गांधी के मुताबिक, मेनका की व्यंग्य भरी टिप्पणियां परिवार के लिए लगातार परेशानी का कारण बन गई थीं। वह लिखती हैं, जहां तक उनका सवाल था, हम उनके दुश्मन थे। वह उन पत्रकारों के जरिये हमारे बारे में कहानियां फैलाती थीं, जिनसे उनका संपर्क था। सोनिया के मुताबिक, परिवार को सबसे ज्यादा दुख उस झूठी खबर से हुआ, जिसमें कहा गया था कि चुनाव हारने के बाद राजीव और सोनिया देश छोड़कर भागना चाहते थे।
संजय गांधी की मौत के बाद क्या हुआ?
23 जून 1980 को एक विमान हादसे में संजय गांधी की मौत हो गई। इसके बाद परिवार में हालात और गंभीर हो गए। सोनिया गांधी के मुताबिक, माना जाता था कि मेनका की मां कांग्रेस में संजय के समर्थकों को उनकी विधवा के लिए राजनीतिक पद की मांग करने के लिए प्रोत्साहित कर रही थीं। लेकिन इंदिरा गांधी का मानना था कि 23 साल की मेनका अभी बहुत छोटी और अपरिपक्व हैं। उन्हें इतनी जल्दी कोई नेतृत्व की जिम्मेदारी नहीं दी जानी चाहिए।
इसके अलावा, मेनका का तीन महीने का बच्चा भी था। इंदिरा चाहती थीं कि वह बच्चे के साथ रहें और धैर्य रखें। उनका मानना था कि मेनका को अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं पूरी करने के लिए आगे काफी समय मिलेगा। लेकिन जल्द ही साफ हो गया कि मेनका की नजर कहीं और थी।
सोनिया की किताब में खुलासा: पहले बेटे की हुई थी मौत, फूट-फूटकर रोए थे राजीव; इंदिरा को रद्द करना पड़ा था दौरा
वरुण गांधी के पहले जन्मदिन पर कैसे बढ़ा विवाद?
संजय गांधी की मौत के एक साल के अंदर ही मेनका के परिवार से अलग होने के संकेत मिलने लगे थे। इंदिरा गांधी ने अपने पोते फिरोज वरुण गांधी के पहले जन्मदिन पर परिवार के लोगों की एक छोटी-सी पार्टी रखने का सुझाव दिया था। बाद में उन्हें पता चला कि उनके पोते का जन्मदिन मनाया गया था। लेकिन यह पार्टी ग्वालियर की पूर्व राजमाता की बेटी वसुंधरा राजे के घर हुई थी।
वसुंधरा राजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की पक्की समर्थक थीं। वह इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी भी थीं। सोनिया गांधी लिखती हैं, यह साफ था कि ऐसा उन्हें चोट पहुंचाने के इरादे से किया गया था। बाद में वसुंधरा राजे ने मेनका की पत्रिका को आरएसएस के एक सदस्य को बेचने में भी मदद की।
सोनिया गांधी के मुताबिक, यह कदम इंदिरा गांधी का ही नहीं, बल्कि उनके बेटे और पिता की याद का भी अपमान करने जैसा था। यह उन सभी लोगों का अपमान था, जिन्होंने भारत की आजादी की लड़ाई के समय से ही आरएसएस की सांप्रदायिक विचारधारा के खिलाफ संघर्ष किया था। सोनिया लिखती हैं, इस काम के साथ मेनका ने सारी हदें पार कर दी थीं। मेरी सास के लिए यह एक जानबूझकर दी गई चुनौती थी।
इंदिरा गांधी ने मेनका को घर छोड़ने के लिए क्यों कहा?
इंदिरा गांधी एक सरकारी दौरे पर लंदन गई हुई थीं। इसी दौरान उन्हें खबर मिली कि मेनका घर से अपना सामान बाहर निकलवा रही हैं। लंदन से लौटने के बाद इंदिरा ने मेनका को उनकी राजनीतिक गतिविधियों और परिवार के प्रति वफादार नहीं रहने के लिए फटकार लगाई। उन्होंने मेनका से साफ कहा कि उन्हें एक फैसला करना होगा। या तो वह ऐसी गतिविधियां बंद करें या फिर कहीं और जाकर रहें।
'चेहरा आंसुओं से भीगा हुआ था': ब्लू स्टार के बाद क्या देख इंदिरा टूट गई थीं? सोनिया की किताब में खुलासा
सोनिया गांधी लिखती हैं, मेनका ने जवाब में आरोपों से भरा एक पत्र भेजा। इसका साफ मकसद अपनी सास को नुकसान पहुंचाना था। यह स्पष्ट हो गया था कि वह ऐसा हंगामा खड़ा करना चाहती थीं, जिसके बाद वह घर छोड़ें और सार्वजनिक रूप से इसका दोष श्रीमती गांधी पर डाल सकें। उन्होंने कई हफ्ते पहले ही अपनी यह योजना एक पत्रकार मित्र को बता दी थी।
मेनका ने घर छोड़ने के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया?
सोनिया गांधी के मुताबिक, मेनका ने घर छोड़ने की अपनी कहानी में सिर्फ इंदिरा गांधी को ही जिम्मेदार नहीं ठहराया। उन्होंने इसके लिए राजीव और सोनिया को भी जिम्मेदार बताया। सोनिया लिखती हैं, जिस तरह पूरी घटना को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया और उसके बाद जिस तरह प्रचार का तमाशा हुआ, उसने उस गंदी घटना को ऐसा बना दिया, जिसे आज के समय में 'रियलिटी शो' कहा जाता।