सार
सोनिया गांधी की किताब में प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा का जिक्र किए जाने पर उनकी बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि योग्य राजनेता का प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखना गलत नहीं है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी-नेहरू परिवार के बाहर किसी नेता की ऐसी महत्वाकांक्षा सोनिया गांधी के लिए हैरानी का विषय हो सकती थी।
सोनिया गांधी की नई किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा का जिक्र किए जाने पर उनकी बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने पलटवार किया है। शर्मिष्ठा ने सवाल उठाया कि उनके पिता की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा पर सोनिया गांधी को हैरानी क्यों हुई? उन्होंने कहा कि उनके पिता ने दशकों की मेहनत, राजनीतिक अनुभव और काबिलियत के दम पर अपना मुकाम हासिल किया था, न कि किसी पारिवारिक विरासत के आधार पर।
2010 की बातचीत का सोनिया गांधी ने किया जिक्र
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि 2010 में तत्कालीन वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी और पी. चिदंबरम के बीच गंभीर मतभेद हो गए थे। इसी दौरान प्रणब मुखर्जी ने उनसे बातचीत में यह संकेत दिया था कि शायद अब शीर्ष नेतृत्व में बदलाव का समय आ गया है। सोनिया गांधी ने इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी पुरानी इच्छा के रूप में समझा। उन्होंने लिखा कि इस बातचीत के दौरान उन्होंने विनम्रता से विषय बदल दिया। हालांकि, प्रणब मुखर्जी ने कभी उन्हें यह महसूस नहीं होने दिया कि वह इस बात से नाराज हैं।
'इसमें हैरान होने वाली क्या बात है?'
सोनिया गांधी की टिप्पणी पर शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर सवाल उठाते हुए कहा, 'इसमें 'हैरान' होने वाली क्या बात है?' उन्होंने कहा कि उनके पिता एक साधारण परिवार से आते थे और उन्होंने राजनीति में दशकों की कड़ी मेहनत और अनुभव के दम पर अपनी पहचान बनाई थी। शर्मिष्ठा ने अपने पिता के हवाले से कहा, 'हर काबिल राजनेता के मन में ऐसी महत्वाकांक्षा होती है।' उन्होंने सवाल किया कि जब किसी व्यक्ति के पास राजनीति और शासन का लंबा अनुभव हो, तो प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखना अपराध कैसे हो सकता है?
गांधी-नेहरू परिवार पर भी साधा निशाना
शर्मिष्ठा ने गांधी-नेहरू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि शायद सोनिया गांधी को इस बात से झटका लगा कि उनके परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखने की हिम्मत कैसे कर सकता है। उन्होंने कहा कि उनके पिता को प्रधानमंत्री पद समेत कोई भी पद विरासत में नहीं मिला था। उन्होंने अपनी योग्यता, मेहनत और राजनीतिक समझ के दम पर सब कुछ हासिल किया था। शर्मिष्ठा के मुताबिक, उनके पिता ने एक बार उनसे साफ कहा था कि हर योग्य राजनेता के मन में प्रधानमंत्री बनने की इच्छा होती है।
ये भी पढ़ें:
'संजय को विलेन और राजीव को हीरो बनाने की कोशिश': सोनिया गांधी की किताब पर निशिकांत दुबे का हमला, और क्या कहा?
'पिता के मन में सोनिया गांधी के प्रति कोई मनमुटाव नहीं था'
शर्मिष्ठा ने सोनिया गांधी के इस कथन पर भी प्रतिक्रिया दी कि प्रणब मुखर्जी ने कभी उनके प्रति मनमुटाव जाहिर नहीं किया। उन्होंने कहा कि अपने पिता की डायरियों और उनसे हुई बातचीत के आधार पर वह विश्वास के साथ कह सकती हैं कि प्रणब मुखर्जी के मन में सोनिया गांधी या किसी अन्य व्यक्ति के प्रति कोई मनमुटाव नहीं था। शर्मिष्ठा ने कहा कि उनके पिता बेहद व्यावहारिक और गहरी समझ रखने वाले व्यक्ति थे। वह सोनिया गांधी के फैसलों के पीछे के कारणों और उनकी असुरक्षाओं को भी समझते थे।