भारत ने 100 करोड़ कोरोना वैक्सीन लगाने की उपलब्धि हासिल कर दिखा दिया है कि क्यों उसे दुनिया का वैक्सीन गुरू कहा जाता है। इसे लेकर सरकार की भी तारीफ हो रही है। लेकिन कांग्रेस में इसे लेकर दोफाड़ दिख रहा है। एक तरफ जहां सांसद शशि थरूर ने सरकार को इसका श्रेय दिया, वहीं पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इसे सरकार के कुप्रबंधन का शिकार लोगों का अपमान करार दिया।
थरूर ने दिया सरकार को श्रेय
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने गुरुवार को कहा कि 100 करोड़ टीके लगाया जाना एक बड़ी उपलब्धि है और इसका श्रेय सरकार को दिया जाना चाहिए। लेकिन पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इसे लेकर केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने 100 करोड़ टीकाकरण को उपलब्धि बताए जाने को कुप्रबंधन का शिकार और मारे गए लोगों व परिजनों का अपमान बताया है।
भारत ने गुरुवार को 100 करोड़ कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस पर प्रतिक्रिया जताते हुए शशि थरूर ने ट्वीट किया- ये सभी भारतीयों के लिए गर्व का विषय है। इसका श्रेय सरकार को दिया जाना चाहिए।
तिरुवनंतपुरम के लोकसभा सांसद थरूर ने कहा, दूसरी कोविड लहर के गंभीर कुप्रबंधन और टीकाकरण की विफलता के बाद सरकार ने अब आंशिक रूप से खुद को सुधारा है। सरकार अपनी पिछली विफलताओं के लिए अब भी जवाबदेह है।
खेड़ा ने बताया पीड़ितों का अपमान
वहीं, थरूर के ट्वीट को टैग करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता खेड़ा ने कहा- सरकार को श्रेय देना उन लाखों परिवारों का अपमान है, जो व्यापक कोविड कुप्रबंधन के बाद के प्रभावों और दुष्प्रभावों से पीड़ित हैं। श्रेय मांगने से पहले पीएम को उन परिवारों से माफी मांगनी चाहिए। इसका श्रेय वैज्ञानिकों और चिकित्सा बिरादरी को जाता है।