केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को 'हैदराबाद मुक्ति दिवस' समारोह की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर हैदराबाद में सेवा कार्यक्रम आयोजित करेंगे जिसमें दिव्यांगों को उपकरण वितरित करेंगे। शाह शुक्रवार की देर रात हैदराबाद पहुंचे।
गृहमंत्री शाह शनिवार सुबह आठ बजे परेड ग्राउंड में 'हैदराबाद मुक्ति दिवस' समारोह में शामिल होंगे। हैदराबाद के भारतीय संघ में शामिल होने के बाद देश के पहले गृह मंत्री सरदार पटेल ने यहां तिरंगा फहराया था। अब 75 साल बाद गृह मंत्री अमित शाह तिरंगा फहराएंगे और हैदराबाद मुक्ति दिवस समारोह की शुरुआत करेंगे। शाह सरकारी स्कूलों और सामुदायिक छात्रावासों में शौचालय की सफाई करने वाली मशीनों का भी वितरण करेंगे।
तेलंगाना में 2023 के अंत में होंगे विधानसभा चुनाव
शाह का यह दौरा अहम माना जा रहा है क्योंकि तेलंगाना में अगले साल 2023 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा के एजेंडे में यह सबसे ऊपर है। विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ टीआरएस और भाजपा के बीच वाकयुद्ध की खबरें लगातार सामने आती रही है।
लगातार दौरे कर रहे भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री
भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री जैसे हिमंत बिस्व सरमा और योगी आदित्यनाथ समेत कई शीर्ष भाजपा नेता लगातार राज्य का दौरा करते रहे हैं। इस बीच, तेलंगाना के मुख्यमंत्री व टीआरएसएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) भाजपा को खेलने के लिए के लिए मौका नहीं दे रहे हैं।
बैठक में शामिल होंगे अमित शाह
वहीं अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान शाह हैदराबाद में भाजपा की एक कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। जिसमें पार्टी के नेता उन्हें भाजपा की ताजा स्थिति को लेकर जानकारी देंगे।
सूत्रों के मुताबिक, शाह आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय, पार्टी के कई सांसदों और राज्य के प्रमुख पदाधिकारियों समेत कई शीर्ष नेताओं से मिलेंगे। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी व तेलंगाना भाजपा प्रभारी तरुण चुग भी इस बैठक में शामिल होंगे।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में शाह पार्टी के नेताओं से इस बात पर चर्चा करेंगे कि पार्टी को ग्राउंड पर किस तरह का समर्थन मिल रहा है और इसे कैसे आगे बढ़ाया जाएगा। शाह आने वाले महीनों में संगठन को मजबूत करने के लिए राज्य इकाई का भी मार्गदर्शन करेंगे।
हालांकि विधानसभा चुनाव से पहले उपचुनाव होने हैं। उपचुनाव की तारीख चुनाव आयोग ने अभी घोषित नहीं की है। लेकिन अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इन्हें सेमीफाइनल की तरह देखा जाएगा।