पुलिस बैरिकेडिंग (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : सोशल मीडिया
हैदराबाद में दोपहिया वाहन पर यात्रा कर रहे एक जोड़े को तीन नाबालिगों ने रोका और युवक के साथ जोर-जबरदस्ती की। बताया जा रहा है कि कथित तौर पर दूसरे समुदाय की लड़की को अपनी बाइक पर ले जाने की वजह से युवक के साथ दुर्व्यवहार किया गया। 26 अगस्त को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों नाबालिगों को सोमवार को मामला दर्ज करने के बाद पकड़ लिया गया। वीडियो में जोड़े की पहचान नहीं की गई। नाबालिगों ने जोड़े को उस समय रोका, जब वे दोपहिया वाहन पर जा रहे थे। जब उन्हें पता चला कि बाइक चला रहा युवक दूसरे समुदाय का है तो उन्होंने यह सवाल करते हुए उससे दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया कि वह उस लड़की को क्यों ले जा रहा था।
वीडियो में तीनों में से एक को बाइकर से सवाल करते हुए सुना जा सकता है कि पीछे बैठी लड़की का नाम क्या है? वह उसे कहां ले जा रहा है? जबकि बाइक सवार उससे पूछता है कि उसे क्या समस्या है? इसके बाद वह बाइकर को गाली देना शुरू कर देता है। तीनों में से एक ने ही मामले का वीडियो बनाया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो के आधार पर पुलिस ने जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उन्हें पकड़ लिया। चूंकि वे नाबालिग हैं, इसलिए उनके माता-पिता को भी नोटिस दिया गया। आगे की जांच जारी है।