राज्यपाल ने कहा कि मुझे संदेह है कि मेरा फोन टैप किया जा रहा है। मेरे एडीसी रह चुके तुषार मुझे दो दिन दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए पहले फोन कर रहे थे।
तेलंगाना में भाजपा और सत्तारुढ़ टीआरएस के बीच सियासी घमासान तेज होता जा रहा है। इस सियासत में राज्यपाल भी निशाने पर आ गई हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने अपना फोन टैप होने की आशंका जताई है।
विज्ञापन
राज्यपाल को फोन टैप किए जाने की आशंका
तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि टेप के मुद्दे पर वे (राज्य सरकार) राजभवन को घसीटना चाहते थे और तुषार का जिक्र किया। तुषार मेरे एडीसी थे। मुझे संदेह है कि मेरा फोन टैप किया जा रहा है। तुषार मुझे दो दिन दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए पहले फोन कर रहे थे। उसके बाद ही उन्होंने तुषार का जिक्र किया।
टी राजा सिंह की रिहाई के सशर्त आदेश
वहीं, तेलंगाना हाई कोर्ट ने आज भाजपा के निलंबित विधायक टी राजा सिंह को सशर्त रिहा करने का आदेश दिया। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद निलंबित भाजपा विधायक टी राजा सिंह को रैलियां और प्रेस मीट नहीं करने की शर्तों के साथ रिहा करने का आदेश दिया। पैगंबर मोहम्मद के बारे में कथित टिप्पणी के लिए पुलिस ने टी राजा सिंह के खिलाफ पीडी एक्ट लगाया था।
विज्ञापन
राजा सिंह की वकील करुणा सागर ने कहा कि हाई कोर्ट ने पीडी अधिनियम को रद्द कर दिया और कुछ शर्तें दीं कि टी राजा सिंह रैलियां नहीं कर सकते हैं और मीडिया को संबोधित नहीं कर सकते हैं और भविष्य में सोशल मीडिया पर कोई अपमानजनक टिप्पणी पोस्ट नहीं कर सकते हैं। इसलिए कम से कम आज की रैली तो नहीं होगी।