सीएम ने कहा कि हम पानी मांग रहे हैं। हमें संविधान और कानून के मुताबिक हिस्सा मिलना चाहिए लेकिन पीएम मोदी जो विश्वगुरु होने का दावा करते हैं, क्या इसमें 10 साल लगते हैं?
तेलंगाना के सीएम केसीआर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। केसीआर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार कृष्णा नदी के पानी में राज्य को हिस्सा देने पर कोई फैसला नहीं ले रही है। नागरकुर्नूल जिले के कोल्लापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने ये आरोप लगाए।
विज्ञापन
सीएम केसीआर जब कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे थे तो भाजपा कार्यकर्ता विरोध के लिए उनकी बस के पीछे भाग रहे थे। इस पर नाराजगी जताते हुए केसीआर ने कहा कि भाजपा नेताओं में अगर थोड़ी शर्म बची है तो उन्हें दिल्ली जाकर पीएम मोदी से इस मामले में बात करनी चाहिए। सीएम ने कहा कि हम पानी मांग रहे हैं। हमें संविधान और कानून के मुताबिक हिस्सा मिलना चाहिए लेकिन पीएम मोदी जो विश्वगुरु होने का दावा करते हैं, क्या इसमें 10 साल लगते हैं?
बता दें कि तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच कृष्णा नदी के पानी के बंटवारे को लेकर विवाद है। तेलंगाना इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट गया था। सीएम केसीआर ने कहा कि केंद्र सरकार ने उन्हें सुप्रीम कोर्ट से मामला वापस लेने के बदले यह मामला ट्रिब्यूनल को भेजने का वादा किया था लेकिन ऐसा नहीं किया। उसके बाद से एक साल बीत चुका है लेकिन सरकार ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।