कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तेलंगाना में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि बीआरएस प्रमुख चंद्रशेखर राव को यह एहसास होना चाहिए कि यह कांग्रेस ही थी जिसने उस स्कूल और विश्वविद्यालय का निर्माण किया जिसमें उन्होंने पढ़ाई की।
'इतिहास नहीं जानते कांग्रेस सांसद, राहुल गांधी पप्पू'
राहुल के बयान से भड़के सीएम केसीआर के बेटे केटी रामाराव ने कांग्रेस सासंद को पप्पू करार दिया। उन्होंने कहा, निजामाबाद में कहा, राहुल गांधी को इतिहास नहीं पता, वह 'पप्पू' हैं। केटीआर के अनुसार, जिस जगह पर आज राहुल गांधी आए थे, यह वही निज़ामाबाद है जहां राहुल गांधी के परदादा नेहरू जी ने आंध्र और तेलंगाना के बीच जबरन शादी कराई थी।
कांग्रेस पार्टी खुद भ्रष्टाचार में डूबी
केटी रामाराव ने कहा, तेलंगाना की जनता कांग्रेस के इतिहास से पूरी तरह वाकिफ है। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी को तेलंगाना के इतिहास के बारे में जो जानकारी है, उसे देखकर उन्हें दुख होता है... अगर राहुल गांधी आज भ्रष्टाचार के बारे में बात करेंगे तो लोग हंसेंगे क्योंकि कांग्रेस पार्टी खुद भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।'
राहुल बोले- तेलंगाना में चुनाव जनता और सामंती सरकार के बीच
केटीआर के बयान से पहले राहुल ने शनिवार को तेलंगाना में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने चुनावी राज्य तेलंगाना में भाजपा के चारों टायरों को पंचर कर दिया है और जल्द ही दिल्ली में भी ऐसा करेगी। तेलंगाना विधानसभा चुनाव-2023 को राहुल गांधी ने 'दोराला सरकार' (सामंती सरकार) और 'प्रजला सरकार' (जनता की सरकार) के बीच की लड़ाई करार दिया। उन्होंने कहा, तेलंगाना की जनता गरीब और किसान समर्थक सरकार का सपना देख रहे थे, लेकिन केसीआर ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
कांग्रेस के कार्यकाल में विकास का जिक्र
राहुल गांधी के अनुसार, केसीआर पूछते हैं कि कांग्रेस पार्टी का योगदान क्या है? उन्होंने कहा, केसीआर ने जिस स्कूल और विश्वविद्यालय में पढ़ाई की उनकी स्थापना कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में हुई थी। कांग्रेस सांसद ने हैदराबाद के एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा, जिस हवाई अड्डे से आपका विमान उड़ान भरता है उसका निर्माण भी कांग्रेस ने कराया। शहर के बाहरी इलाके में रिंग रोड भी कांग्रेस ने बनावाईं। उन्होंने तेलंगाना के गठन का पूरा श्रेय भी कांग्रेस पार्टी को दिया।
भाजपा और बीआरएस के बीच गठजोड़ के आरोप
कांग्रेस सांसद राहुल ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी ने ही हैदराबाद को दुनिया के प्रमुख आईटी केंद्र के रूप में विकसित किया। उन्होंने केसीआर परिवार पर निशाना साधा और कहा, उनके पास सभी ऐसे विभाग हैं, जिनका फोकस ''पैसा कमाना" है। राहुल ने कालेश्वरम सिंचाई परियोजना का भी जिक्र किया। उन्होंने इस सिंचाई परियोजना में एक लाख करोड़ रुपये की लूट का आरोप लगाने के अलावा राहुल ने भाजपा और बीआरएस के बीच गठजोड़ का भी दावा किया।
राहुल का दावा- कांग्रेस ने पंक्चर किए भाजपा के टायर
उन्होंने कहा, भाजपा और केसीआर की पार्टी- बीआरएस के बीच मौन समझ है। राहुल गांधी ने कहा कि पहले भाजपा नेताओं पर अहंकार सवार था। हालांकि, कांग्रेस पार्टी ने उन्हें पस्त कर दिया और तेलंगाना में भगवा वाहन (भाजपा) के सभी चार टायरों को पंक्चर कर दिया है। बीआरएस पर चुटकी लेते हुए राहुल गांधी ने कहा, केसीआर अपने दल के टायरों में हवा भरना चाहते हैं, लेकिन उन्हें यह एहसास नहीं है कि कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी के टायरों को हमेशा के लिए चौपट कर दिया है। अब कांग्रेस दिल्ली जाएगी और मोदी के वाहन के चारों टायरों को भी पंक्चर कर देगी।
एक-दूसरे की सरकार बचा रहे मोदी-केसीआर
बीआरएस और भाजपा पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि जब भी राजनीतिक जरूरत पड़ी दोनों दलों ने एक-दूसरे का समर्थन किया। उन्होंने तेलंगाना में बीआरएस और फिर दिल्ली में नरेंद्र मोदी को हराने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, केसीआर चाहते हैं कि मोदी दिल्ली की सत्ता पर काबिज रहें। दूसरी तरफ पीएम मोदी भी तेलंगाना में बीआरएस प्रमुख को सरकार में बनाए रखना चाहते हैं।