तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक हादसे में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि उसका नाबालिग बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि एक ट्रैवलर वाहन ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मारी, जिसमें बाइक सवार जाकिर हुसैन की मौत हो गई। वहीं जाकिर का नाबालिग बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है। हैरानी की बात ये है कि टक्कर ऐसी थी कि बाइक ट्रैवलर वाहन की विंड शील्ड तोड़कर छत से वाहन में घुस गई। इसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
कोयंबटूर पुलिस ने बताया कि घटना केजी चावड़ी चेकपोस्ट की है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। वहीं सोशल मीडिया पर हादसे की वीडियो बताकर एक वीडियो शेयर की जा रही है। इस वीडियो में कहानी दूसरी नजर आ रही है। दरअसल वीडियो में दिख रहा है कि बाइक सवार को टक्कर सामने से आ रही एक कार ने मारी। टक्कर लगते ही बाइक हवा में उछली और पीछे से आ रहे ट्रैवलर वाहन की विंड शील्ड से जाकर टकराई। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और जांच के बाद ही हादसे का सही कारण पता चल पाएगा।
इरोड में सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र की मौत
इस बीच राज्य के लक्ष्मीनगर में रविवार को लॉरी ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में 62 वर्षीय एक व्यक्ति और उनके 34 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। लॉरी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, ज्ञानसेकरन और उनका बेटा धनसेकरन लक्ष्मीनगर गए थे और नमक्कल जिले में अपने गृहनगर तिरुचेंगोडे लौट रहे थे। जब वे लक्ष्मीनगर में कावेरी ब्रिज के पास थे, तो उन्होंने एक 14-पहिया कंटेनर लॉरी को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान लॉरी का अगला पहिया उनके वाहन से टकरा गया और पिता-पुत्र दोनों गिर पड़े। लॉरी का पिछला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सड़क दुर्घटना में पांच की मौत
इस बीच तिरुचिरापल्ली में रविवार को एक सरकारी बस और कार की टक्कर में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी पीड़ित कार में सवार लोग थे। पुलिस ने शुरुआती जानकारी के हवाले से बताया कि यह दुर्घटना जिले के मनाप्पराई के पास हुई।