दुर्घटनाग्रस्त कार को निकालते हुए बचाव दल
- फोटो : ANI
तमिलनाडु के थेनी जिले के कुमुली पहाड़ी दर्रे से एक कार के 40 फुट गहरे गड्ढे में गिरने से आठ सबरीमाला श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। ये सभी सबरीमला से लौट रहे थे। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। जिलाधिकारी के वी मुरलीधरन ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार देर रात हुई औक दो घायलों को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पहाड़ी रास्ते में मोड़ पर चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारी ने कहा कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में एक नाबालिग लड़का भी शामिल है और वे जिले के अंदीपट्टी के रहने वाले थे। वे सबरीमाला से लौट रहे थे।
तमिलनाडु और केरल के सीएम ने जताया शोक
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने श्रद्धालुओं की मौत पर शोक व्यक्त किया। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और दुर्घटना में घायल हुए दो व्यक्तियों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की।