डीएमके नेता और तमिलनाडु केबिनेट मंत्री उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म पर की गई टिप्पणी के खिलाफ तमिलनाडु भाजपा ने पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन सौंपकर भाजपा नेताओं ने मांग की है कि उदयनिधि के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
गोवा में एक निजी स्कूल के छात्रों को मस्जिद ले जाकर छात्रों ने नमाज पढ़वाई गई। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कुछ सदस्यों ने वास्को शहर में स्थित स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत की। इसके बाद प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि संगठन ने शिकायत में कहा कि कक्षा 11वीं के कुछ छात्रों को एक कार्यशाला के लिए मस्जिद में ले जाकर धार्मिक अनुष्ठान कराए गए। दावा किया कि उक्त कार्यशाला प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया से जुड़े एक संगठन के निमंत्रण पर आयोजित की गई थी। राज्य शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पिछले शनिवार को हुई इस घटना के संबंध में स्कूल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा है।
शाह 17 को हैदराबाद मुक्ति दिवस समारोह में होंगे शामिल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 17 सितंबर को हैदराबाद ‘मुक्ति दिवस’ समारोह में शरीक होंगे। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने मंगलवार को बताया कि केंद्र की ओर से आयोजन परेड ग्राउंड में होगा। तत्कालीन हैदराबाद रियासत का 17 सितंबर, 1948 को भारत संघ में विलय हुआ था। केंद्र ने मुक्ति दिवस मनाने के लिए पिछले साल एक आधिकारिक कार्यक्रम किया था, जिसमें शाह शरीक हुए थे।
गलत जांच, घटिया दवा बनाने वाली 35 कंपनियों को नोटिस
मरीजों की गलत जांच रिपोर्ट और घटिया दवाओं के खिलाफ सरकार ने फिर से राष्ट्रीय स्तर पर अभियान शुरू किया है। इस बार सरकार ने सभी प्रयोगशाला, दवा उत्पादन फैक्टरी और फार्मा कंपनियों के डब्ल्यूएचओ जीएमपी प्रमाण पत्र की जांच करना भी शुरू किया है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि गुणवत्ता के लिहाज से उनकी सरकार किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं करेगी।
ममता दुबई व स्पेन यात्रा पर रवाना, निवेश पर करेंगी बात
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए ग्यारह दिवसीय यात्रा पर मंगलवार की सुबह स्पेन और दुबई के लिए रवाना हुईं। ममता नवंबर में राज्य में आयोजित होने वाले बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट (बीजीबीएस) से पहले वहां के प्रमुख उद्योगपतियों व कारोबारियों के साथ बैठकें करेंगी।
भाजपा के तफज्जल और बिंदु ने विधायक पद की शपथ ली
त्रिपुरा के बॉक्सानगर और धनपुर सीटों पर उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले भाजपा नेता तफज्जल हुसैन और बिंदु देबनाथ ने मंगलवार को त्रिपुरा विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष विश्वबंधु सेन ने मुख्यमंत्री माणिक साहा और मंत्रिमंडल के उनके सहयोगियों की उपस्थिति में दोनों को शपथ दिलाई। इस दौरान विपक्षी दलों के विधायक शपथ ग्रहण समारोह से दूर रहें।
सऊदी अरब भारत का अहम साझेदार : मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस व पीएम मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुल अजीज अल सऊद के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित किया। इस दौरान उनका स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सऊदी अरब भारत के सबसे अहम रणनीतिक साझेदारों में शामिल है। इसके साथ ही मुर्मू ने कहा कि भारत में सऊदी अरब की तरफ से निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में आई मजबूती पर खुशी जताई। राष्ट्रपति ने कहा कि आधुनिक दुनिया में भारत और सऊदी अरब सांस्कृतिक अनुभव और आर्थिक तालमेल साझा करते हैं। दोनों की शांतिपूर्ण एवं टिकाऊ दुनिया के लिए अटूट प्रतिबद्धता है, जिससे दोनों देश स्वाभाविक भागीदार बनते हैं। भोज में उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ व पीएम मोदी भी शामिल हुए। रात्रिभोज में सऊदी क्राउन प्रिंस को लीक और अजवाइन का सूप, काबुली चना कबाब, मसालों के मिश्रण में अनानास और पनीर, काजू पनीर, पालक मक्का, भुने हुए काली दाल, दही भल्ला, सब्जी बिरयानी व कई तरह की रोटियां परोसी गईं।