दिल्ली और काबुल में आतंकवाद रोधी टीम के ऑपरेटिव्स ने बताया कि तालिबान के उप नेता सिराजुद्दीन हक्कानी और तीन कमांडर्स में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है। बता दें कि सिराजुद्दीन हक्कानी, तालिबान की तलवार शाखा हक्कानी नेटवर्क का प्रमुख भी है। जानकारी के मुताबिक सिराजुद्दीन हक्कानी को पाकिस्तान के रावलपिंडी में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तालिबान के जिन दूसरे नेताओं के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की सूचना मिली है, उनमें मुल्ला आमिर खान मुत्ताकी और फजल मजलूम शामिल हैं। ये दोनों ही नेता तालिबान और अमेरिकी विशेष प्रतिनिधि के बीच चल रही बातचीत का हिस्सा हैं। सूचना मिली है कि मुल्ला नूरुद्दीन तुरबी के साथ तालिबान के दो नेताओं को क्वेटा और कराची के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हालांकि, इस बीच तालिबान नेताओं ने यह मानने से इनकार कर दिया है कि उसका टॉप लीडरशिप कोरोना वायरस से संक्रमित है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह ने कहा कि अफगानिस्तान के इस्लामी अमीरात के नेता पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
उन्होंने इस मामले में एक ट्वीट कर कहा, “कई जगहों पर झूठी खबरें चल रही हैं कि तालिबानी नेता सिराजुद्दीन हक्कानी समेत अन्य नेता कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं।”