स्पाइसजेट के एक विमान ने रविवार को मुंबई से दुर्गापुर के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन, लैंडिंग करने से ठीक पहले यह विमान गंभीर तूफान में घिर गया। इससे 40 यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
मुंबई से दुर्गापुर के बीच उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट के एक विमान बोइंग बी737 को रविवार को उतरते समय गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा। विमान में झटके से केबिन में रखे सामान यात्रियों के ऊपर गिरने लगे। इससे 40 यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
विज्ञापन
अचानक हुई इस घटना से विमान के अंदर अफरातफरी मच गई। बताया जाता है कि घायलों में 10 की हालत गंभीर है। एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया कि बाद में विमान को दुर्गापुर में सुरक्षित उतार लिया गया। घायल यात्रियों को तुरंत चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई गई। विमानन कंपनी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि सभी घायल यात्रियों को हर संभव चिकित्सा सुविधा दी जाएगी।
स्पाइसजेट के विमान बोईंग बी737 ने मुंबई से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी। जब यह विमान लैंड करने वाला था तभी गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ में फंस गया।
विज्ञापन
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘एक मई को स्पाइसजेट का बोइंग बी737 विमान मुंबई से दुर्गापुर की उड़ान एसजी-945 संचालित करने के दौरान हवाईअड्डे पर उतर रहा था, तभी उसे समय गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा, जिसके चलते दुर्भाग्यवश कुछ यात्रियों को चोटें आईं।’’
प्रवक्ता ने बताया कि विमान के दुर्गापुर में उतरने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा, ‘‘स्पाइसजेट इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर खेद व्यक्त करता है और वह घायलों को हरंसभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रहा है।’’