सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कण्डेय काटजू ने कहा है कि सौम्या रेप मामले में वह 11 नवंबर को इसके सामने पेश होंगे। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें अपने सामने हाजिर होने को कहा था।
मार्कण्डेय काटजू ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा है, मैं सौम्या रोप मामले में 11 नवंबर को दोपहर दो बजे सुप्रीम कोर्ट में पेश होउंगा। मुझे सर्वोच्च अदालत को यह बताना है कि इस रेप केस में दिए गए फैसले की समीक्षा की जरूरत क्यों है। मैं यह भी बताऊंगा कि इस मामले के अभियुक्त गोविंदास्वामी को मौत की सजा क्यों दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के सामने पेश होने का आदेश मिला है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने काटजू को नोटिस जारी करते हुए उन्हें अपने सामने 11 नवंबर को पेश होने को कहा था। उन्हें यह बताने के लिए कहा गया था क्या सौम्या रेप केस में आरोपी के खिलाफ दिए गए फैसले में कोई खामी है। क्या इसकी समीक्षा की जरूरत है। काटजू ने पहले की एक फेसबुक पोस्ट में कहा था कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से सौम्या के बलात्कारी को सुनाई गई सजा में खामी है। उसे मौत की सजा मिलनी चाहिए।