निर्मला सीतारमण ने कहा कि जब मैं संदेशखाली और उसके अपराधों और आज तक अपराधी को गिरफ्तार न करने के राज्य प्रशासन के दुस्साहस के बारे में बात करती हूं तो मेरा शरीर कांप उठता है। क्या कोई नेतृत्व इसे सहन कर सकता है?
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल सरकार को अच्छी तरह से पता है कि संदेशखाली मामले में भगोड़ा तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख कहां छिपा है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल ने सात दिनों के भीतर उसकी गिरफ्तारी का दावा किया है, इससे जाहिर है कि सरकार को पता है।
विज्ञापन
सीतारमण ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, जब मैं संदेशखाली और उसके अपराधों और आज तक अपराधी को गिरफ्तार न करने के राज्य प्रशासन के दुस्साहस के बारे में बात करती हूं तो मेरा शरीर कांप उठता है। क्या कोई नेतृत्व इसे सहन कर सकता है? वे (टीएमसी) मणिपुर में हिंसा के बारे में बहुत मुखर थे। केंद्रीय गृह मंत्री ने स्वयं वहां जाकर लोगों से बात की और तत्काल कार्रवाई की गई।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, और हमें यहां जो बयान मिलता है, वह यह है कि अपराधी को एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा? इसका मतलब है कि आप जानते हैं कि वह व्यक्ति कहां है, इसीलिए आप उसकी गिरफ्तारी को लेकर आश्वस्त हैं। आपके (टीएमसी) मंत्री वहां जा रहे हैं, लेकिन विपक्ष को वहां जाने की अनुमति नहीं है; यह राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है।