एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार ने भी सीपीआईएम कार्यालय पहुंचकर सीताराम येचुरी को श्रद्धांजलि दी। साथ ही डीएमके सांसद कनिमोझी भी सीपीआईएम के दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं।
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने सीताराम येचुरी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि 'जब सभी राजनेता सत्ता के बारे में सोचते हैं, लेकिन सीताराम येचुरी जैसे लोग हमेशा दूसरों के बारे में सोचते हैं। वे जानते थे कि वे कभी सत्ता में नहीं आएंगे लेकिन इसके बावजूद वह पूरा जीवन दूसरों के लिए जीते रहे। वह मेरे अच्छे मित्र थे और जब वह संसद में बोलते थे तो उन्हें सुनना अभिभूत कर देता था।'
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और AAP नेता संजय सिंह CPI(M) के महासचिव सीताराम येचुरी को श्रद्धांजलि देने के लिए CPI(M) पार्टी कार्यालय पहुंचे।
CPI(M) के महासचिव सीताराम येचुरी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव ने कहा, 'सीताराम येचुरी जी हमेशा याद रहेंगे, वे मेरे मित्र थे और देश के एक बड़े नेता थे। बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।'
भारत में चीन के राजदूत शू फेहोंग ने भी सीपीआईएम कार्यालय पहुंचकर सीताराम येचुरी के पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।