रिजिजू ने आगे कहा कि पिछले 10 वर्षों में पूर्वोत्तर राज्यों में तेजी से विकास हुआ है। चाहे कुछ भी हो आप एक-दूसरे से नहीं लड़ सकते। अगर आप एक-दूसरे से बात करेंगे, तभी हमें शांति मिल सकती है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को हिंसाग्रस्त राज्य मणिपुर के लोगों से हथियार छोड़कर शांति के लिए स्थायी समाधान पर बात करने के लिए आगे आने का अनुरोध किया। माई होम इंडिया द्वारा आयोजित नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स फेस्टिवल को संबोधित करते हुए रिजिजू ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार में पूर्वोत्तर राज्यों में अभूतपूर्व विकास हो रहा है। यहां के लोगों को सुनहरा अवसर मिल रहा है।
विज्ञापन
बातचीत से निकलेगा समाधान: रिजिजू
किरेन रिजिजू ने कहा, "मैं कुकी और मैतेई समुदाय के अपने भाइयों और बहनों से अनुरोध करता हूं कि भारत सरकार हर संभव प्रयास करने के लिए तैयार है, लेकिन आपको हथियार छोड़ना पड़ेगा। अगर आप हथियार उठाएंगे तो कोई समाधान नहीं निकलेगा। कोई भी समाधान बातचीत से निकल सकत है। चाहे कुछ भी हो आप एक-दूसरे से नहीं लड़ सकते। अगर आप एक-दूसरे से बात करेंगे, तभी हमें शांति मिल सकती है।"
रिजिजू ने आगे कहा कि पिछले 10 वर्षों में पूर्वोत्तर राज्यों में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा, "यह हम सभी के लिए एक सुनहरा अवसर है। इस समय मणिपुर के लोगों को हथियार छोड़कर स्थायी शांति के लिए बातचीत के लिए आगे आना चाहिए।"
विज्ञापन
मणिपुर में पिछले साल से जारी है जातीय हिंसा
बता दें कि मणिपुर में पिछले साल तीन मई से ही जातीय हिंसा जारी है। दरअसल, मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिए जाने की मांग के विरोध में पिछले साल तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद झड़पें शुरू हुई थीं। राज्य में तब से अब तक कम से कम 200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। मरने वालों में कुकी, मैतेई समुदाय के लोगों के अलावा सुक्षा बलों के जवान भी शामिल हैं। हिंसा में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं।