शिवसेना की ओर से गुजराती समाज को आकर्षित करने के अभियान की भाजपा ने चुटकी ली है। भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने कहा कि शिवसेना गुजराती समाज की चिंता न करे। बल्कि वह अपने परंपरागत मतदाताओं की चिंता करे जो अब पार्टी की विचारधारा में बदलाव आने के कारण शिवसेना से दूर हो चुके हैं।
देश की सबसे अमीर नगरपालिका बीएमसी के चुनाव साल 2023 में होने हैं, लेकिन उसके लिए राजनीतिक दलों ने अभी से कमर कसनी शुरू कर दी है। इसके तहत शिवसेना ने भाजपा के कोर गुजराती मतदाताओं पर नजरें गड़ानी शुरू कर दी हैं।
10 जनवरी से शुरू होगा कार्यक्रम
गौरतलब है कि मुंबई महानगर पालिका में कुल 227 सीटें हैं। इनमें 50 से 52 सीटों पर गुजराती मतदाता अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में शिवसेना इन सीटों पर अपनी जीत पुख्ता करना चाहती है। बता दें कि मुंबई में तकरीबन 30 लाख गुजराती रहते हैं। इसके मद्देनजर शिवसेना ने 'मुंबई मा जलेबी ने फाफड़ा उद्धव ठाकरे आपडा' टैगलाइन के साथ एक मुहिम की शुरुआत की है। वहीं, 10 जनवरी को मुंबई में गुजराती समाज सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।
बता दें कि बीएमसी पर करीब दो दशक से शिवसेना का भगवा लहरा रहा है। हालांकि, इस कामयाबी के लिए शिवसेना को अब तक भाजपा का साथ मिलता था, लेकिन विधानसभा चुनाव 2019 के बाद दोनों दल एक-दूसरे के खिलाफ हो गए। ऐसे में भाजपा से दूरी होने के बावजूद शिवसेना बीएमसी की सत्ता किसी भी कीमत पर हाथ से नहीं जाने देना चाहती है। इसके चलते शिवसेना ने मुंबई में रहने वाले गुजराती मतदाताओं को लुभाना शुरू कर दिया है।
गौर करने वाली बात यह है कि मुंबई के गुजराती मतदाताओं को भाजपा का परंपरागत वोट बैंक माना जाता है। ऐसे में शिवसेना इस वोट बैंक में सेंध लगाना चाहती है। इसके तहत पार्टी के वरिष्ठ गुजराती नेताओं को शहर के सभी गुजराती बाहुल्य इलाकों में जनसंपर्क अभियान शुरू करने का आदेश दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बीएमसी के सदन में शिवसेना के पास सबसे ज्यादा 92 पार्षद हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर मौजूद भाजपा के पास 82 पार्षद हैं। तीसरे नंबर पर कांग्रेस है, जिसके 30 पार्षद सदन में मौजूद हैं। इनके अलावा एनसीपी के नौ, समाजवादी के छह, एमआईएम के दो और एमएनएस का एक पार्षद है।