शिवसेना के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने रविवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गोवा में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में 20 से 25 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। बता दें गोवा में 40 विधानसभा सीट हैं। यहां शिवसेना का एक भी विधायक नहीं है। अगले साल गोवा में विधानसभा का चुनाव होना है। गोवा में कुल 10 राजनीतिक पार्टियां हैं।
राउत का दावा- भाजपा से प्रदेश के लोगों में है असंतोष
राउत ने दावा किया कि प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर असंतोष है, लेकिन विपक्ष इसका लाभ नहीं उठा पा रहा है और इसके कारण आम आदमी पार्टी (आप) जैसे दलों को मौका मिल रहा है, जो गोवा में केवल चुनाव के वक्त ही नजर आते हैं।
शिवसेना नेता संजय राउत ने दी चुनौती
राउत ने आगे कहा कि जो लोग गोवा में शिवसेना की ताकत पर सवाल खड़े कर रहे हैं, उन्हें राज्य में सहयोगियों की ताकत के बूते पर नहीं बल्कि अपने दम पर चुनाव लड़ना चाहिए।
महाराष्ट्र से बाहर भी पैर पसारना चाहती है शिवसेना
उल्लेखनीय है कि शिवसेना महाराष्ट्र से बाहर भी अपने विस्तार की कोशिश में जुटी हुई है। इसके तहत शिवसेना गोवा में कई बार अपनी किस्मत भी आजमा चुकी है, लेकिन अब इस पार्टी ने सीधे तौर पर भाजपा को टक्कर देने की बात की है। शिवसेना ने गोवा में विपक्ष के कमजोर होने पर सवाल खड़े करते हुए चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा- आपातकाल का दौर इससे बेहतर था
शिवसेना नेता संजय राउत ने यह भी कहा कि 1975 का आपातकाल एक पुराना मुद्दा है, जिसे हमेशा के लिए दफना देना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में मौजूदा स्थिति ऐसी है कि कोई भी कह सकता है कि आपातकाल का दौर इससे बेहतर था।