मुंबई पुलिस ने कहा कि 31 साल के व्यक्ति को पश्चिम बंगाल से युवक को गिरफ्तार किया है। युवक पर आरोप है कि उसने एक महिला की अश्लील तस्वीरें उसके पति को व्हाट्सएप पर भेज दिया था। इसके अलावा आरोपी ने महिला से पैसों की मांग की, जिससे वह उन तस्वीरों को अन्य जानकारों को नहीं भेजेगा। मुंबई की एलटी मार्ग पुलिस थाने की एक टीम ने भारत-बांग्लादेश सीमा के बनगांव से आरोपी अब्दुल रहमान हसनूर मंडल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि महिला का पति कालबादेवी इलाके में दुकान चलाता है। 12 मई को व्हाट्सएप पर महिला की अश्लील फोटो भेजी गई थी, जिसके साथ छेड़छाड़ की गई थी। आरोपी ने फोटो के प्रचार-प्रसार रोकने के लिए महिला से 14,400 रुपये की मांग की। आरोपी ने अश्लील फोटो महिला के एक रिश्तेदार और उसके एक दोस्त की बेटी को भी भेजा था।
बैंक कर्मचारी बनकर की ऑनलाइन ठगी
नागपुर में एक व्यक्ति ने बैंक कर्मचारी बनकर ऑनलाइन धोखाधड़ी में 9.66 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने बताया कि 19 जुलाई को सतीश दीक्षित को एक फोन आया। सामने वाले व्यक्ति ने खुद को निजी बैंक का कर्मचारी बताया। युवक ने कहा कि वह खाताधारकों को साइबर धोखाधड़ी से बचाने के लिए काम कर रहा है। पीड़ित को झांसे में लेकर आरोपी ने डेबिट कार्ड सहित अन्य जानकारियां ले ली और इससे पीड़ित के बैंक खाते से 9.66 रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है।