तीन साल के बच्चे को लिवर दान मंजूरी वाली याचिका पर सुनवाई टली
गंभीर लिवर रोग से पीड़ित तीन वर्षीय चचेरे भाई को एक व्यक्ति द्वारा लिवर दान करने की मंजूरी देने की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई की। इस दौरान शीर्ष कोर्ट ने इस याचिका पर सात नवंबर तक सुनवाई टाल दी।
जस्टिस एएस बोपन्ना और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की पीठ ने इस याचिका पर निर्देश दिया कि प्राधिकरण समिति के समक्ष तुरंत एक आवेदन दायर किया जाए। प्राधिकरण समिति मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम और नियमों के दायरे में अंग प्रत्यारोपण की अनुमति देती है। शीर्ष अदालत को जब बताया गया कि प्राधिकरण समिति के समक्ष औपचारिकताएं अभी तक पूरी नहीं हुई हैं तो सुनवाई मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
चार उच्च न्यायालयों में 13 न्यायाधीश नियुक्त
देश के चार हाई कोर्ट में 13 न्यायधीशों की नियुक्ति की गई है। इनमें छह वकील और सात न्यायिक अधिकारी शामिल हैं। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर एक पोस्ट कर इन नियुक्तियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 नए न्यायाधीशों में से सात मध्य प्रदेश हाईकोर्ट, तीन को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट, दो को पटना हाईकोर्ट और एक को गुवाहाटी हाईकोर्ट में नियुक्त किया गया है।
इससे पहले, बीते माह 11 न्यायिक अधिकारियों और छह अधिवक्ताओं को दिल्ली सहित आठ उच्च न्यायालयों में न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था।
इस बीच, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति चक्रधारी शरण सिंह को ओड़िशा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की है।