टीएमसी विधायक सत्यजीत विश्वास (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कृष्णागंज विधानसभा क्षेत्र से सीएम ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के विधायक सत्यजीत विश्वास की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार की रात वह अपने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धार्मिक समारोह में गए थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
खबरों के मुताबिक सरस्वती पूजा के कार्यक्रम में मंच से उतरने के बाद हमलावरों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। गोली लगने के बाद बुरी तरह घायल हो चुके सत्यजीत विश्वास ने दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के थे।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और प्राथमिक जांच शुरु कर दी है। टीएमसी के जिला अध्यक्ष गौरीशंकर दत्त ने बीजेपी के एक स्थानीय नेता को इसका जिम्मेदार बताया है। टीएमसी ने पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई करने को कहा है।