आप ने देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया। दूसरी तरफ भाजपा इस बात के लिए पूरी तरह से कॉन्फिडेंट नजर आ रही है कि इस केस में अगला नंबर केजरीवाल का है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साफतौर पर कह दिया है कि अब अगला नंबर केजरीवाल का है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस घोटाले को अंजाम देने के लिए केजरीवाल के आवास पर बैठक हुई थी। भाजपा नेता गौरव भाटिया ने भी कह दिया, मैं चुनौती देता हूं कि अरविंद केजरीवाल, आरोपी दिनेश अरोड़ा के दावों का खंडन करें। उसने केजरीवाल को 32 लाख रुपए दिए हैं। हम हमेशा कहते हैं कि जैसे जैसे इस केस की कड़ियां जुड़ रही हैं, वैसे ही हथकड़ी, अरविंद केजरीवाल के पास आ रही है।
दो बड़े नेता आएंगे ईडी की पूछताछ के घेरे में
ईडी ने संजय सिंह के मामले में अदालत के समक्ष कहा है कि उसके पास पुख्ता सबूत हैं। इस मामले में कई दूसरे नेताओं को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। संभव है कि आने वाले समय में दो बड़े नेता ईडी की पूछताछ के घेरे में आ जाएं। हालांकि, ईडी ने उन नेताओं का नाम नहीं बताया, लेकिन सूत्रों ने ऐसी संभावना जताई है कि उनमें एक नाम अरविंद केजरीवाल का हो सकता है।
ईडी ने कोर्ट के समक्ष कहा कि सरकारी गवाह दिनेश अरोड़ा के कर्मचारी ने बताया है कि उसने संजय सिंह को घर पर ही 2 करोड़ रुपए दिए थे। भाजपा नेता गौरव भाटिया पूरी तरह आश्वस्त हैं कि देर सवेर इस मामले में केजरीवाल का भी नंबर आएगा। भाटिया ने कहा, ऐसा क्यों लगता है कि जिस मनीष सिसोदिया को आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार कहती थी, उन्हें 7.5 महीने से जमानत नहीं मिली है। वे जेल में हैं। यह 10 सर वाला भ्रष्टाचारी रावण कौन है। अब यह केस जैसे जैसे आगे बढ़ेगा, वैसे ही अरविंद केजरीवाल के पास हथकड़ी आ जाएगी।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा का कहना है कि 2020 में संजय सिंह और दिनेश अरोड़ की मुलाकात हुई थी। दिल्ली शराब घोटाले में सीबीआई ने केस दर्ज किया था। इस घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग की बात सामने आई तो ईडी ने भी केस दर्ज किया था। मनीष सिसोदिया सहित कुछ अधिकारी और कारोबारी जेल में हैं। गिरफ्तार किए गए कारोबारियों में से एक का नाम दिनेश अरोड़ा है।
उसने कहा था कि वह सरकारी गवाह बनेगा। सरकारी गवाह बनकर उसने खुलासा किया कि 2020 में संजय सिंह की उनसे मुलाकात हुई थी। सरकारी गवाह बने दिनेश अरोड़ा ने संजय सिंह को करोड़ों रुपये दिए थे। ईडी ने संजय सिंह और दिनेश अरोड़ा के बीच लेन-देन साबित कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि अगर जांच एजेंसी यह साबित कर देती है कि पैसे के लेनदेन को लेकर केजरीवाल के आवास पर बैठक हुई थी, तो दिल्ली के सीएम की मुश्किल बढ़ सकती है।
संजय सिंह के मामले में अरविंद केजरीवाल ने कहा, संजय सिंह की गिरफ़्तारी बिलकुल गैर कानूनी है। ये पीएम मोदी की बौखलाहट को दर्शाता है। चुनाव तक ये कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ़्तार करेंगे। केंद्र की जाँच एजेंसियों ने कितने छापे मारे हैं, लेकिन कुछ नहीं मिला। मोदी सरकार, इंडिया गठबंधन से डर गई है।चुनाव में भाजपा की हार तय है।