संसद में सोमवार को बॉलीवुड में ड्रग्स का मामला गूंजा। इसे मंगलवार को समाजवादी पार्टी की सांसद और अभिनेत्री जया बच्चन ने बॉलीवुड का नाम खराब करने की साजिश करार दिया। उनके बयान पर कंगना रणौत ने निशाना साधते हुए उनसे अपने प्रति करुणा का भाव रखने को कहा। इसके अलावा उन्होंने करण जौहर को भी घेरा है। वहीं अब इस मामले में शिवसेना सांसद संजय राउत भी कूद गए हैं। उनका कहना है कि जया बच्चन का बयान बिल्कुल ठीक है।
राउत ने कहा कि कंगना रणौत ने जो बयान दिया है, उसपर बच्चन परिवार जवाब दे सकता है। उन्होंने कहा कि कंगना शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे के बारे में जो भी आरोप लगा रही हैं, उसके लिए उन्हें गृह मंत्रालय, गृह सचिव और एजेंसियों को सबूत देने चाहिए।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि जो लोग सवाल खड़े कर रहे हैं, पहले उनका ही डोप टेस्ट होना चाहिए। यदि अंतरराष्ट्रीय रास्तों से ड्रग्स आ रहा है तो ये केंद्र और केंद्रीय एजेंसियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि फिल्म जगत में कुछ बुरे लोग हैं तो इसका मतलब ये नहीं है कि पूरे उद्योग को बदनाम किया जाए।
यह भी पढ़ें- कंगना का जया पर पलटवार- मेरी जगह आपकी बेटी और सुशांत की जगह आपका बेटा होता तो भी यही कहतीं?
जया बच्चन के बाद कंगना ने करण जौहर पर साधा निशाना
करण जौहर पर निशाना साधते हुए कंगना रणौत ने कहा, 'इंडस्ट्री सिर्फ करण जौहर/उसके पापा ने नहीं बनाई, बाबा साहेब फाल्के से लेकर हर कलाकार और मजदूर ने बनाई है, उस फौजी ने जिसने सीमाओं को बचाया, उस नेता ने जिसने संविधान की रक्षा की है, उस नागरिक ने जिसने टिकट खरीदा और दर्शक का किरदार निभाया, इंडस्ट्री करोड़ों भारतवासियों ने बनाई है।'
जया बच्चन ने राज्यसभा में क्या कहा
जया बच्चन ने कहा, 'फिल्म उद्योग रोजाना पांच लाख लोगों को सीधा रोजगार देता है। मनोरंजन उद्योग के लोगों को सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काया जा रहा है। मनोरंजन जगत में अपना नाम बनाने वाले लोगों ने इसे गटर कहा है। मैं इससे पूरी तरह से असहमत हूं। मुझे उम्मीद है कि सरकार ऐसे लोगों को इस तरह की भाषा का उपयोग नहीं करने के लिए कहेगी। सिर्फ इसलिए कि कुछ लोग खराब हैं आप पूरे उद्योग की छवि को धूमिल नहीं कर सकते। मुझे शर्म आती है कि कल लोकसभा में हमारे एक सदस्य, जो फिल्म उद्योग से हैं उन्होंने इसके खिलाफ बोला। यह शर्मनाक है।'
कंगना रणौत ने क्या कहा
कंगना रणौत ने ट्वीट कर कहा, 'जया जी क्या आप तब भी यही कहती अगर मेरी जगह आपकी बेटी श्वेता को किशोरावस्था में पीटा जाता, नशा कराया जाता या उसके साथ छेड़छाड़ की जाती। क्या आप तब भी यही बात कहती अगर अभिषेक लगातार परेशान किए जाने और उत्पीड़न की शिकायत करते और एक दिन फांसी पर लटका हुए पाए जाते? हमारे लिए भी थोड़ी करुणा दिखाइए।'