शिवसेना सांसद संजय राउत ने रविवार को भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि क्या केंद्र सरकार ने जेलों और केंद्रीय जांच एजेंसियों का निजीकरण कर दिया है। राउत ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि हाल ही में पार्टी में शामिल हुए और 'पार्टी की विचारधारा से कोई संबंध नहीं' रखने वाले भाजपा नेता हर दिन राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को जेल में डालने की धमकी दे रहे हैं।
संजय राउत ने साधा निशाना
राज्यसभा सदस्य राउत ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी सरकारी संपत्तियों का निजीकरण कर रहे हैं। क्या जेलों और केंद्रीय जांच एजेंसियों का निजीकरण कर दिया गया है? क्या जेलें आपकी निजी संपत्ति हैं? माना जा रहा है राउत का यह निशाना भाजपा नेता किरीट सोमैया की तरफ था। दरअसल, महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख की गिरफ्तारी के बाद किरीट सोमैया ने शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि ईडी ने देशमुख को गिरफ्तार कर लिया। अब दूसरे नेताओं का नंबर आएगा, जिनके पास वसूली का पैसा जाता था।
ईडी ने हाल ही में अनिल देशमुख को किया था गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता अनिल देशमुख को इस महीने की शुरुआत में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री और शिवसेना विधायक अनिल परब इससे पहले देशमुख और अन्य के खिलाफ दर्ज धन शोधन मामले में ईडी के सामने पेश हुए थे। आयकर विभाग ने पिछले महीने राज्य के उपमुख्यमंत्री और राकांपा नेता अजित पवार के परिवार के सदस्यों से जुड़े कुछ कारोबारी परिसरों पर छापा मारा था।
ईडी ने हाल में धन शोधन के एक और मामले में शिवसेना सांसद भावना गवली को तलब किया था। एजेंसी ने धन शोधन रोकथाम (पीएमएलए) कानून के प्रावधानों के तहत दर्ज इस आपराधिक मामले में गवली के सहयोगी सईद खान को गिरफ्तार किया था।