पश्चिम बंगाल का संदेशखाली मामला लगातार चर्चा में है। ताजा घटनाक्रम निलंबित तृणमूल नेता शाहजहां शेख को सीबीआई हिरासत में भेजे जाने का है। पश्चिम बंगाल पुलिस की अपराध अनुसंधान शाखा (CID) ने संदेशखाली मामले में मुख्य आरोपी शाहजहां शेख की कस्टडी सीबीआई को सौंपी। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुई इस कार्रवाई में अदालत ने साफ किया है कि संदेशखाली मामले की जांच सीबीआई करेगी। इस मामले में सीबीआई ने तीन प्राथमिकी दर्ज की है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद देर शाम लगभग 6.40 बजे शाहजहां शेख को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम पश्चिम बंगाल पुलिस मुख्यालय से लेकर रवाना हुई। देर रात सीबीआई शाहजहां शेख को लेकर कोलकाता स्थित सीबीआई मुख्यालय पहुंची।
भबानी भवन पुलिस मुख्यालय से रवाना हुई सीबीआई टीम
शाहजहां शेख की हिरासत के बारे में समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक संदेशखाली के आरोपी शाहजहां शेख को कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद कोलकाता में भबानी भवन पुलिस मुख्यालय वापस लाया गया। हिरासत सौंपने की प्रक्रिया में आरोपी की अनिवार्य मेडिकल जांच भी शामिल है। इसलिए पुलिस ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में देर शाम पुलिस ने शेख की हिरासत सीबीआई को सौंप दी।
हाईकोर्ट का फरमान- पुलिस शाहजहां शेख को सीबीआई को सौंपे
इससे पहले कलकत्ता हाईकोर्ट ने बुधवार सुबह सुनवाई के दौरान ममता बनर्जी की सरकार को एक बार फिर निर्देश दिया कि पुलिस संदेशखाली में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर हुए हमले की जांच सीबीआई को सौंपे। पश्चिम बंगाल के इस बहुचर्चित प्रकरण पर अदालत ने दो टूक कहा कि संदेशखाली मामले का मुख्य आरोपी शाहजहां शेख को लेकर कोर्ट ने कहा कि राज्य पुलिस ने इस मामले में लुकाछिपी का खेल खेला है। आरोपी बेहद राजनीतिक प्रभाव वाला व्यक्ति है। आज शाम 4:15 बजे तक जांच सीबीआई को सौंप दी जाए और आरोपी की हिरासत भी केंद्रीय एजेंसी को दे दी जाए। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अदालती आदेश से लगभग ढाई घंटे की देरी से शाहजहां शेख की कस्टडी सौंपी गई।
मेडिकल जांच के लिए जोका ईएसआई अस्पताल ले गई सीबीआई
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में संदेशखाली के आरोपी शाहजहां शेख को हिरासत में लेने के बाद सीबीआई की टीम मेडिकल जांच के लिए जोका ईएसआई अस्पताल ले गई।
भाजपा विधायक ने लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में पश्चिम बंगाल की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा, अगर शाहजहां शेख जैसा गुंडा होगा तो बहुत सी बातें खुलकर सामने आ जाएंगी। उन्होंने सवाल किया कि इस सरकार को उनकी जरूरत क्यों है? पश्चिम बंगाल सरकार को गुंडे से क्या लेना-देना है? जल्द ही लोकसभा चुनाव होंगे। शेख शाहजहां और उसके गुंडे बशीरहाट और आसपास के इलाकों में हर घर में जाते हैं, उन्हें धमकाते हैं, गोली मारते हैं और उन्हें बीजेपी को वोट देने से रोकते हैं।
रोहिंग्याओं को सीमा पार से लाती है सरकार
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि शेख शाहजहां सभी अवैध कारोबार करता है। इसकी फंडिंग से सरकार को फायदा होता है। वह रोहिंग्याओं को सीमा पार से लाते हैं। पश्चिम बंगाल के राष्ट्रवादी मुसलमान टीएमसी को वोट नहीं देंगे। रोहिंग्या उन्हें वोट देंगे - ममता बनर्जी उनके लिए आधार कार्ड, वोटर कार्ड, राशन कार्ड बनवाती हैं। इसलिए, उन्हें डर है कि अगर शाहजहां शेख पकड़ा गया और पुलिस जरा सा जोर लगाए तो वह सब कुछ उगल देगा।