बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' पर अभिनेता अक्षय कुमार के साक्षात्कार के बाद विवाद खड़ा हो गया है। उनके बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के ट्वीट, "थोड़ा पढ़-लिख लेते..." पर एक महिला पत्रकार ने टिप्पणी की। इसके बाद कांग्रेस नेता ने जवाब देते हुए कहा है कि "मेरे लिए अक्षय कुमार और अकबर दोनों इसी देश के हैं।"
दरअसल, एक साक्षात्कार के दौरान अक्षय कुमार ने कहा था, हमारी इतिहास की किताबों को मुगल साम्राज्य और हिंदू राजाओं के साथ संतुलित किए जाने की जरूरत है। जहां तक मैंने इतिहास की किताबों में सम्राट पृथ्वीराज के बारे में पढ़ा है तो उसमें सिर्फ तीन से चार लाइनें ही थी। मैं इस फिल्म को धन्यवाद देता हूं, जो उनके बारे में मुझे इतना जानने का मौका मिला।
बेटे को नहीं पता पृथ्वीराज के बारे में
अभिनेता अक्षय कुमार ने साक्षात्कार में कहा, "जब मैं अपने बेटे से सम्राट पृथ्वीराज के बारे में बात कर रहा था तो उसने कहा, 'मैं ब्रिटिश साम्राज्य, मुगल साम्राज्य के बारे में जानता हूं, लेकिन वह कौन है?' इसलिए यह दुखद है कि हम अपने राजाओं के बारे में नहीं जानते। उन्होंने कहा शिक्षाा मंत्रालय को इस बारे में विचार करना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने क्या किया ट्वीट?
अक्षय कुमार की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया। कई लोगों ने उनके बयान का खंडन करते हुए कहा कि उन्होंने हिंदू राजाओं के बारे में भी उतना ही पढ़ा है, जिनता कि मुगल साम्राज्य के बारे में। इसमें कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने टिप्पणी करते हुए कहा, "भाई, माता पिता की बात सुन लेते और थोड़ा पढ़ लिख लेते तो आज सार्वजनिक तौर पर यूँ मूर्ख नहीं बनना पड़ता।"
महिला पत्रकार क्या बोलीं?
पवन खेड़ा के ट्वीट पर उनकी भी आलोचना शुरू हो गई है। एक महिला पत्रकार ने पवन खेड़ा के ट्वीट पर कहा, अगर अक्षय कुमार ने मोहम्मद गोरी को महान कह दिया होता तो पवन खेड़ा उन्हें पढ़ा-लिखा मानते। दरअसल अक्की ने इसी दुखती रग पर हाथ रखा है तो मुगल आक्रांताओं को नायक मानने वालों को दर्द होना लाजिमी है। इसका जवाब देते हुए खेड़ा ने कहा, "मेरे लिए अक्षय और अकबर दोनों इसी देश के हैं। "